Lakhisarai News: लखीसराय. नियमित टीकाकरण से जुड़ी समस्याओं और चुनौतियों को दूर करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की ओर से 'राइज' एप्लीकेशन की शुरुआत की जा रही है. आगामी स्वतंत्रता दिवस पर इसका औपचारिक शुभारंभ प्रस्तावित है. इसी को लेकर जिले में मास्टर ट्रेनर और डीएमएनई रोहित कुमार द्वारा स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है. मंगलवार को लखीसराय सदर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में राइज ऐप को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया.
स्टाफ नर्स और एएनएम ने लिया प्रशिक्षण
प्रशिक्षण शिविर में सदर प्रखंड की स्टाफ नर्सों और सभी एएनएम ने भाग लिया. जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ अशोक कुमार भारती ने बताया कि ऐप के उपयोग और इससे मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी स्वास्थ्यकर्मियों को दी जा रही है, ताकि नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में इसका प्रभावी इस्तेमाल किया जा सके.
डिजिटल लर्निंग और ट्रेनिंग प्लेटफॉर्म है राइज ऐप
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी ने बताया कि राइज एप्लीकेशन स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और एएनएम को बच्चों के नियमित टीकाकरण से संबंधित प्रशिक्षण एवं डिजिटल निगरानी के लिए विकसित ई-लर्निंग प्लेटफॉर्म है. इसके माध्यम से संबंधित स्वास्थ्यकर्मी ऑनलाइन प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे.
उन्होंने बताया कि पहले प्रशिक्षण के लिए पत्र जारी कर स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षण केंद्र पर उपस्थित होना पड़ता था. अब ऐप के माध्यम से वे अपनी सुविधा के अनुसार कहीं से भी प्रशिक्षण ले सकेंगे. प्रशिक्षण पूरा करने के बाद डिजिटल प्रमाणपत्र भी डाउनलोड किया जा सकेगा.
पांच मॉड्यूल में बांटा गया है प्रशिक्षण
मास्टर ट्रेनर रोहित कुमार ने बताया कि राइज ऐप पर प्रशिक्षण पाठ्यक्रम को पांच प्रमुख मॉड्यूल में विभाजित किया गया है. इनमें टीकाकरण सूची एवं सत्र प्रबंधन, इंजेक्शन सुरक्षा एवं टीका लगाना, कोल्ड चेन प्रबंधन, टीकाकरण के प्रतिकूल प्रभाव का प्रबंधन तथा टीकाकरण हिचकिचाहट दूर करने के लिए संवाद शामिल हैं.
टीकाकरण के दौरान समस्या का मिलेगा ऑनलाइन समाधान
रोहित कुमार ने बताया कि सभी पांच मॉड्यूल का प्रशिक्षण पूरा करने के बाद नियमित टीकाकरण के लिए अलग से भौतिक प्रशिक्षण की आवश्यकता नहीं रहेगी. यदि स्टाफ नर्स या एएनएम को टीकाकरण के दौरान किसी समस्या का सामना करना पड़ता है तो ऐप के माध्यम से ऑनलाइन समाधान प्राप्त किया जा सकेगा.इसके लिए सभी संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों को व्यक्तिगत यूजर आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराया जायेगा.
प्रशिक्षण में अधिकारी और स्वास्थ्यकर्मी रहे मौजूद
Lakhisarai News: प्रशिक्षण कार्यक्रम में सदर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ सुरेश कुणाल, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक निशांत राज सहित प्रखंड की कई स्टाफ नर्स और एएनएम मौजूद रहीं. विभाग का लक्ष्य डिजिटल प्रशिक्षण व्यवस्था के माध्यम से नियमित टीकाकरण से जुड़े स्वास्थ्यकर्मियों की दक्षता और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करना है.
