डीएम की अध्यक्षता में कई क्षेत्रों के उद्यमियों के साथ हुई उद्योग वार्ता
नवाचार, गुणवत्ता सुधार, लागत प्रबंधन तथा दीर्घकालिक व्यावसायिक दृष्टिकोण अपनाने पर विशेष दिया गया बल
लखीसराय
समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में रविवार को डीएम मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में लखीसराय जिले के विभिन्न क्षेत्रों के उद्यमियों के साथ उद्योग वार्ता का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में प्रो. बीके चतुर्वेदी द्वारा उद्यमियों को वर्तमान बाजार परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए मार्केटिंग रणनीतियों, उत्पादों की ब्रांडिंग, बाजार विस्तार, मूल्य संवर्धन एवं प्रभावी उद्यम संचालन से संबंधित विषयों पर विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन प्रदान किया गया. उन्होंने प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण में टिके रहने के लिए नवाचार, गुणवत्ता सुधार, लागत प्रबंधन तथा दीर्घकालिक व्यावसायिक दृष्टिकोण अपनाने पर विशेष बल दिया. बैठक के दौरान उद्यमियों द्वारा विद्युत विभाग, राइस मिलर्स से संबंधित समस्याओं, औद्योगिक क्षेत्र की भूमि से जुड़े विषयों तथा अग्निशमन विभाग से संबंधित प्रक्रियात्मक कठिनाइयों को प्रमुखता से उठाया गया. औद्योगिक विकास में आ रही व्यावहारिक बाधाओं से जिला प्रशासन को अवगत कराया. जिलाधिकारी द्वारा उद्यमियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाय, जिससे जिले में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिले और उद्यमियों को अनुकूल, सहयोगात्मक एवं निवेश-अनुकूल औद्योगिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके. कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर प्रो बीके चतुर्वेदी, डीडीसी सुमित कुमार, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक रूपेश कुमार झा, बियाडा के क्षेत्रीय पदाधिकारी बियाडा धीरज कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी तथा जिले के विभिन्न औद्योगिक इकाइयों से जुड़े उद्यमी उपस्थित रहे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
