पीरीबाजार (लखीसराय). पीरीबाजार थाना परिसर में रविवार को थानाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह के नेतृत्व में चौकीदार परेड का आयोजन किया गया. परेड में थाना क्षेत्र के सभी चौकीदारों की उपस्थिति दर्ज की गई. इस दौरान उनकी वर्दी, अनुशासन और कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया गया तथा क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और लंबित मामलों की समीक्षा भी की गयी.
चौकीदारों की भूमिका पर दिया जोर
थानाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह ने कहा कि चौकीदार पुलिस और ग्रामीणों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं. उन्होंने सभी चौकीदारों को अपने-अपने क्षेत्र में नियमित भ्रमण करने और स्थानीय लोगों से लगातार संपर्क बनाए रखने का निर्देश दिया.
संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत दें सूचना
उन्होंने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अवैध शराब का कारोबार, चोरी, मारपीट, भूमि विवाद अथवा अन्य आपराधिक घटनाओं की जानकारी बिना विलंब थाना को दें, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके.
लापरवाही पर कार्रवाई, अच्छे कार्य पर मिलेगा प्रोत्साहन
थानाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले चौकीदारों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी. वहीं अपने दायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वहन करने वाले चौकीदारों को प्रोत्साहित भी किया जायेगा.
ईमानदारी से दायित्व निभाने का लिया संकल्प
परेड शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई. सभी चौकीदारों ने अपने दायित्वों का ईमानदारी और सतर्कता के साथ निर्वहन करने का भरोसा दिलाया.
