Halsi Panchayat Samiti Meeting: हलसी प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार भवन में सोमवार को पंचायत समिति की बैठक आयोजित हुई. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख सुनीता देवी ने की, जबकि संचालन पंचायती राज पदाधिकारी ब्रजेश कुमार ने किया. बैठक में पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों के अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बिजली, पेयजल तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की समीक्षा की गई.
चार वर्षों से बंद नल-जल योजना का मामला उठा
गेरुआ पुरसंडा पंचायत के मुखिया लक्ष्मण यादव ने बताया कि पंचायत के वार्ड संख्या-14 में पिछले चार वर्षों से नल-जल योजना बंद पड़ी है. इस कारण स्थानीय लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है. पंचायत समिति सदस्यों ने योजना को जल्द चालू कराने का प्रस्ताव रखा.
एनओसी नहीं मिलने से अटका स्कूल भवन निर्माण
भनपुरा पंचायत के मुखिया रंजीत कुमार उर्फ राजू पासवान ने ठेकही गांव में विद्यालय भवन निर्माण का मुद्दा उठाया. उन्होंने बताया कि भवन नहीं होने के कारण बच्चों की पढ़ाई सामुदायिक भवन में कराई जा रही है. जमीन चिह्नित होने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है. इस पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी एजाज आलम ने बताया कि अंचलाधिकारी संजीव कुमार राय से एनओसी नहीं मिलने के कारण निर्माण कार्य लंबित है.
आंगनबाड़ी केंद्र से अतिक्रमण हटाने की मांग
बैठक में भनपुरा पंचायत के कनियारी आंगनबाड़ी केंद्र पर असामाजिक तत्वों द्वारा किए गए अतिक्रमण का मामला भी उठाया गया. जनप्रतिनिधियों ने केंद्र को जल्द अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग करते हुए कहा कि इससे बच्चों और लाभुकों को परेशानी हो रही है.
सिंचाई और निर्माण कार्य में अनियमितता पर भी चर्चा
Halsi Panchayat Samiti Meeting: गेरुआ पुरसंडा पंचायत में सिंचाई विभाग द्वारा लगाए गए स्टेट बोरिंग का ट्रांसफार्मर जल जाने से सिंचाई कार्य बाधित होने का मुद्दा भी बैठक में उठा. वहीं दिरा गांव में निर्माणाधीन हाई स्कूल भवन के कार्य में अनियमितता का आरोप लगाते हुए जांच कराने का प्रस्ताव रखा गया.बैठक में उपप्रमुख श्रवण कुमार, पंचायत समिति सदस्य अवधेश ठाकुर, निरंजन बरैय, संजय राम सहित कई मुखिया प्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे.
