नये साल में मंदिर पहुंचकर लोगों ने की पूजा-अर्चना

नये साल में मंदिर पहुंचकर लोगों ने की पूजा-अर्चना

जिले के बड़हिया स्थित मां त्रिपुर सुंदरी, श्रृंगी ऋषि एवं अशोक धाम पहुंचकर किया पूजा पाठ

पिकनिक स्पॉट लाली पहाड़ी एवं श्रृंगी ऋषि धाम पर तैयार लजीज भोजन का उठाया लोगों ने आनंद

गुरुवार के दिन होने के कारण लोग शाकाहारी भोजन का किया ग्रहण

लाली पहाड़ी एवं बाजार समिति के समीप लगा मेला, लोगों ने लिया आनंद

लखीसराय. नये साल 2026 का युवाओं ने पूरे उत्साह व उल्लास के साथ स्वागत किया. एक जनवरी की सुबह से ही जिले के विभिन्न धार्मिक व पर्यटन स्थलों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. बड़हिया स्थित मां बाला त्रिपुर सुंदरी मंदिर, अशोक धाम व श्रृंगी ऋषि धाम में श्रद्धालु पूजा-पाठ के लिए पहुंचे. मौसम साफ और खिली धूप ने नए साल के पहले दिन को और भी यादगार बना दिया.

लोगों ने घरों में भी तरह-तरह के स्वादिष्ट व्यंजन बनाए व परिवार के साथ समय बिताया. वहीं लाली पहाड़ी व श्रृंगी ऋषि धाम जैसे पिकनिक स्थलों पर लोगों ने नये साल का जमकर आनंद लिया. खासकर नवयुवक दोपहिया और चारपहिया वाहनों से बड़ी संख्या में श्रृंगी ऋषि धाम की ओर जाते दिखाई दिए. सबसे अधिक भीड़ श्रृंगी ऋषि धाम में देखने को मिली, जहां युवक-युवतियों ने कुंड में स्नान कर पूजा-अर्चना की. इसके बाद धाम के खुले स्थानों पर गैस चूल्हे पर अपने पसंदीदा व्यंजन बनाकर पिकनिक का आनंद लिया.

श्रृंगी ऋषि धाम के चारों ओर छोला-भटूरा, चाउमीन, गोलगप्पा, चाट, पूरी-सब्जी जैसे व्यंजनों के स्टॉल लगे हुए थे, जहां जमकर बिक्री हुई. युवक-युवतियों ने विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का स्वाद लिया. लाली पहाड़ी पर भी महिलाओं, युवकों और युवतियों की अच्छी-खासी भीड़ देखी गई. यहां कई स्थानों पर लोग सब्जी, पूरी, पुलाव, तड़का सहित अन्य व्यंजन बनाते नजर आये.

लाली पहाड़ी के नीचे बाजार समिति के गोदाम के समीप खाने-पीने की दुकानों व खिलौनों के साथ-साथ विभिन्न प्रकार के झूले लगाये गये थे, जिससे पूरा इलाका मेले जैसा नजर आ रहा था. बच्चे खिलौने खरीदते और झूलों का आनंद लेते दिखाई दिए, वहीं युवा और बड़े भी झूलों का लुत्फ उठाते नजर आये.

पहली जनवरी गुरुवार को पड़ने के कारण मांस व मछली की दुकानों पर खास भीड़ नहीं देखी गयी. इसके विपरीत दूध, दही व पनीर की मांग में काफी वृद्धि हुई. पनीर की समुचित आपूर्ति नहीं हो सकी, जिसके कारण सुधा और अन्य कंपनियों के पनीर महंगे दामों पर बिके. खुला पनीर 360 रुपये प्रति किलो व दूध 70 रुपये प्रति लीटर की दर से बिका. सुधा कॉर्नर पर सुबह 10 बजे के बाद दूध व पनीर उपलब्ध नहीं हो सका. नये साल के पहले दिन लोगों ने पूजा-पाठ को विशेष महत्व दिया. एक जनवरी को प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर व बड़हिया स्थित मां बाला त्रिपुर सुंदरी मंदिर में श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ देखी गयी. लोगों ने पूजा-अर्चना कर नये साल की शुरुआत की. अशोक धाम में दर्शन के बाद लोग सेल्फी लेते भी नजर आये.

नए साल के मौके पर लखीसराय संग्रहालय को भी दर्शकों के लिए खोला गया था. गुरुवार को लगभग तीन हजार से अधिक लोग संग्रहालय पहुंचे और वहां रखी पुरातात्विक महत्व की मूर्तियों व अन्य सामग्रियों का अवलोकन किया. इससे लोग लखीसराय के इतिहास से परिचित हुए. संग्रहालय परिसर में लगाए गए झूलों का बच्चों ने खास तौर पर आनंद लिया. एनएच-80 पर बालगुदर गांव में अशोक धाम मोड़ के समीप स्थित यह सुसज्जित संग्रहालय जिले के विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त पुरातात्विक धरोहरों को संजोए हुए है, जो लखीसराय के गौरवशाली इतिहास को दर्शाता है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >