दियारा क्षेत्र का कोई भी विकास कार्य नहीं रहेगा अधूरा : ललन सिंह

केंद्रीय पंचायती राज सह पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य पालन मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह रविवार को अपने एक दिवसीय दौरे पर पिपरिया प्रखंड पहुंचे

-विधानसभा चुनाव के बाद पहली बार पिपरिया पहुंचने पर ललन सिंह का हुआ भव्य स्वागत

-केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने विधानसभा चुनाव में समर्थन के लिए जताया आभार

-सुमन चौक से रामचंद्रपुर तक बनने वाले सड़क का किया शिलान्यास

-नवनिर्मित 30 शैय्या वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं का किया शुभारंभ

सूर्यगढ़ा

केंद्रीय पंचायती राज सह पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य पालन मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह रविवार को अपने एक दिवसीय दौरे पर पिपरिया प्रखंड पहुंचे. जहां एनडीए कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया. सुमन चौक पर जेसीबी से उनके काफिले पर पुष्पवर्षा की गयी. केंद्रीय मंत्री ने सबसे पहले सुमन चौक से रामचंद्रपुर तक बनने वाली सड़क का शिलान्यास किया. इसके बाद उन्होंने रामचंद्रपुर गांव में नवनिर्मित 30 शैय्या वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं का विधिवत शुभारंभ किया. मौके पर क्षेत्रीय विधायक रामानंद मंडल, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष रमाशंकर शर्मा उर्फ नुनू बाबू, रवि रंजन उर्फ टनटन सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे. इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने रामचंद्रपुर स्थित जखराज बाबा स्थान के समीप जनसभा को संबोधित किया. विधानसभा चुनाव के बाद पहली बार दियारा पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी रामानंद मंडल को मिले व्यापक समर्थन के लिए क्षेत्रवासियों का धन्यवाद ज्ञापन किया. उन्होंने कहा कि दियारा से उनका विशेष लगाव है और क्षेत्र का कोई भी विकास कार्य अधूरा नहीं रहेगा. उन्होंने आश्वासन दिया कि सुमन चौक से रामचंद्रपुर तक की सड़क का निर्माण बारिश से पहले पूरा कर लिया जायेगा और यह सड़क ऊंची बनायी जायेगी, ताकि बरसात के दिनों में आवागमन में कठिनाई न हो. उन्होंने यह भी कहा कि दियारा क्षेत्र में बची हुई सड़कों का सर्वे कराकर डीपीआर तैयार करायी जा रही है. केंद्रीय मंत्री ने किसानों से टमाटर की उन्नत किस्म की खेती अपनाने की अपील की ताकि उनकी आय बढ़ सके. साथ ही पशुपालकों को दुग्ध उत्पादक सहयोग समिति बनाने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास की जिम्मेदारी उनके कंधों पर है और वे इसे पूरी तरह निभायेंगे. मंत्री के संबोधन के दौरान समर्थक बीच-बीच में “ललन बाबू जिंदाबाद” के नारे लगाते रहे. केंद्रीय मंत्री के कार्यक्रम के दौरान डीएम मिथिलेश मिश्र, एसपी अवधेश दीक्षित, डीडीसी सुमित कुमार सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >