लखीसराय जिले के हलसी प्रखंड के मानपुर गांव में बिजली विभाग ने बकाया वसूली और बिजली चोरी के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है. जांच के दौरान नौ ऐसे उपभोक्ता पकड़े गए, जिनका बिजली कनेक्शन पहले ही बकाया बिल के कारण काट दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद वे अवैध रूप से बिजली का इस्तेमाल कर रहे थे. विभाग ने सभी के खिलाफ बिजली अधिनियम के तहत मामला दर्ज करते हुए कुल 4.63 लाख से अधिक का जुर्माना लगाया है. बिजली विभाग ने साफ किया है कि आगे भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे.
कटा था कनेक्शन, फिर भी चोरी से जल रही थी बिजली
बिजली विभाग के कनीय अभियंता अनुराग प्रियम के नेतृत्व में टीम ने मानपुर गांव में विशेष जांच अभियान चलाया. अभियान का उद्देश्य बकाया राशि की वसूली के साथ-साथ बिजली चोरी पर रोक लगाना था. जांच के दौरान उन घरों का निरीक्षण किया गया, जिनका कनेक्शन पहले ही बकाया बिल के कारण काटा जा चुका था. मौके पर नौ उपभोक्ता अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते पाए गए.
नौ उपभोक्ताओं पर लाखों रुपये का जुर्माना
विभाग ने बिजली अधिनियम के तहत सभी दोषी उपभोक्ताओं पर बकाया राशि के साथ आर्थिक दंड लगाया. उषा देवी पर 26,126 रुपये, सुलोचना देवी पर 34,717 रुपये, मुनरिका मिस्त्री पर 46,712 रुपये, अशोक कुमार पर 46,910 रुपये, आशीष पासवान पर 52,361 रुपये, पंकज मंडल पर 52,158 रुपये, रेखा देवी पर 56,586 रुपये, प्रमोद कुमार पर 68,347 रुपये और कर्मवीर कुमार पर 78,936 रुपये का जुर्माना लगाया गया. सभी मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है.
आगे भी जारी रहेगा विशेष अभियान
कनीय अभियंता अनुराग प्रियम ने बताया कि बिजली चोरी और बकाया बिल वसूली के खिलाफ विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा. जिन उपभोक्ताओं का कनेक्शन काटा जा चुका है, यदि वे दोबारा अवैध तरीके से बिजली का उपयोग करते पाए गए तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने लोगों से समय पर बिजली बिल जमा करने और वैध तरीके से बिजली उपयोग करने की अपील की.
तकनीकी टीम भी रही मौजूद
अभियान में तकनीकी कर्मी जागेश्वर मांझी, लक्ष्मी कुमारी, छोटू कुमार, कृष्णानंद कुमार और सौरभ कुमार भी शामिल रहे. टीम ने गांव के विभिन्न इलाकों में जांच कर बिजली चोरी के मामलों का सत्यापन किया.
ये भी पढ़ें: 'मुझे वैभव सूर्यवंशी की नहीं...', इंग्लैंड के दिग्गज ने बताई भारतीय टीम की असली चुनौती
