लखीसराय से राजीव मुरारी सिन्हा की रिपोर्ट:
Lakhisarai Job Camp: जिला नियोजनालय परिसर में शनिवार को एक दिवसीय जॉब कैंप का आयोजन किया गया. कैंप में निजी क्षेत्र की कंपनी आमधनी प्राइवेट लिमिटेड ने विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया. रोजगार पाने की उम्मीद लेकर जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में युवा जॉब कैंप में पहुंचे.
36 अभ्यर्थियों ने दिया साक्षात्कार
जॉब कैंप में शामिल अभ्यर्थियों ने अपने बायोडाटा एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ कंपनी प्रतिनिधियों के समक्ष इंटरव्यू दिया. नियोजनालय के अनुसार कुल 36 अभ्यर्थियों ने रोजगार के लिए आवेदन करते हुए साक्षात्कार प्रक्रिया में भाग लिया.
योग्यता के आधार पर हुआ चयन
कंपनी प्रतिनिधियों द्वारा अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, अनुभव एवं कौशल का मूल्यांकन किया गया. चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 13 अभ्यर्थियों का औपबंधिक (प्रोविजनल) चयन किया गया.
चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी की ओर से आगामी नियुक्ति प्रक्रिया, प्रशिक्षण एवं ज्वाइनिंग से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई.
युवाओं के लिए रोजगार का बेहतर अवसर
जिला नियोजन पदाधिकारी ने कहा कि इस तरह के जॉब कैंप युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. इससे निजी क्षेत्र की कंपनियों और रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के बीच सीधा संपर्क स्थापित होता है.
रोजगारोन्मुखी कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील
उन्होंने युवाओं से नियोजनालय द्वारा आयोजित रोजगारोन्मुखी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की. साथ ही कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को बेहतर करियर अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास लगातार किया जा रहा है.
