कैंदी पैक्स अध्यक्ष को 14 माह बाद मिला गोदाम व कृषि यंत्र का प्रभार

कैंदी पैक्स अध्यक्ष को 14 माह बाद मिला गोदाम व कृषि यंत्र का प्रभार

मजिस्ट्रेट व पुलिस की मौजूदगी में ट्रैक्टर, गोदाम की चाबी सहित अन्य यंत्र हुए हैंड ओवर

हलसी. प्रखंड मुख्यालय अंतर्गत सोमवार को कैंदी पंचायत के नव निर्वाचित पैक्स अध्यक्ष विपिन कुमार को कृषि यंत्र एवं गोदाम का प्रभार दिलाया गया. चुनाव संपन्न होने के करीब 14 माह बाद भी गोदाम व कृषि यंत्र का हैंड ओवर नहीं होने पर मामला जिलाधिकारी व अनुमंडल पदाधिकारी तक पहुंच गया था. इसके बाद मजिस्ट्रेट के रूप में हलसी बीपीआरओ ब्रजेश कुमार को प्रतिनियुक्त किया गया.

मजिस्ट्रेट ब्रजेश कुमार ने पुलिस बल के साथ सोमवार 19 जनवरी को कैंदी पैक्स गोदाम पहुंचकर वर्तमान पैक्स अध्यक्ष विपिन कुमार को प्रभार दिलवाया. गौरतलब है कि कैंदी पैक्स में अध्यक्ष पद पर 30 नवंबर 2024 को विपिन कुमार निर्वाचित हुए थे. विभागीय नियमावली के अनुसार पूर्व पैक्स अध्यक्ष चंदन कुमार सिंह व पूर्व पैक्स प्रबंधक उमाशंकर राय को गोदाम, अभिलेख व कृषि यंत्र नव निर्वाचित अध्यक्ष को सौंपना था, लेकिन लंबे समय तक प्रभार नहीं दिया गया.

इसको लेकर नव निर्वाचित अध्यक्ष विपिन कुमार ने जिलाधिकारी सह जिला दंडाधिकारी, डीसीओ, एआरसीएस एवं हलसी बीसीओ को पत्र देकर पूर्व अध्यक्ष व प्रबंधक द्वारा अभिलेख, कागजात, गोदाम व कृषि यंत्र हैंड ओवर कराने की गुहार लगायी थी. विभागीय निर्देश के बावजूद कोई भी सामान नहीं सौंपा गया. 10 दिसंबर 2024 को दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों की मौजूदगी में हैंड ओवर होना था, लेकिन मजिस्ट्रेट की अनुपस्थिति के कारण मामला टल गया. इसके बाद भी पूर्व अध्यक्ष व प्रबंधक द्वारा टालमटोल की जाती रही.

अंततः 19 जनवरी 2026 को मजिस्ट्रेट सह पंचायती राज पदाधिकारी ब्रजेश कुमार, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी रामगढ़ चौक निपुलाल वर्मा एवं पुलिस पदाधिकारी कौशल कुमार पुलिस बल के साथ कैंदी पैक्स गोदाम पहुंचे और प्रभार दिलाया. इस दौरान एक ट्रैक्टर, गोदाम की चाबी, रोटावेटर व थ्रेसर नव निर्वाचित पैक्स अध्यक्ष को सौंपा गया. हालांकि पूर्व पैक्स अध्यक्ष द्वारा ट्रैक्टर का आय-व्यय रजिस्टर नहीं दिया गया, जिसे लेकर आपत्ति दर्ज की गयी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >