हलसी (लखीसराय) से केशव कुमार की रिपोर्ट,
थाना क्षेत्र अंतर्गत घोंघसा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई. घटना शुक्रवार की है. मृतका की पहचान घोंघसा गांव निवासी सत्यम सिंह की 28 वर्षीय पत्नी काजू कुमारी के रूप में हुई है. उसके गले पर गहरे निशान मिले थे, जिससे फंदा लगाकर हत्या की आशंका जताई गई थी. मामले में पुलिस ने मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया हैघटना की सूचना पर काजू कुमारी के मायके बड़हिया थाना क्षेत्र अंतर्गत जैतपुर गांव से उसकी बहन, भाई एवं अन्य परिजन घोंघसा गांव पहुंचे. मृतका की बहन आरती कुमारी एवं रौशनी कुमारी ने बताया कि 23 फरवरी 2017 को काजू कुमारी का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से घोंघसा गांव निवासी विजय सिंह के पुत्र सत्यम कुमार से हुआ था. शादी के बाद काजू ने दो पुत्रों को जन्म दिया, जिनके नाम आर्यन और अर्णव कुमार हैं.मृतका काजू कुमारी की बहन रौशनी कुमारी ने हलसी थाने में लिखित आवेदन देकर दहेज की वजह से हत्या किये जाने को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई है. आवेदन में कहा गया है कि उसकी मंझली बहन को दहेज के लिए सास शोभा देवी, ससुर विजय सिंह, पति सत्यम कुमार, बाबा ससुर निवारक सिंह, ननद विक्की कुमारी एवं ननदोई डिम्पल सिंह द्वारा प्रताड़ित किया जाता था.
इस संबंध में हलसी थानाध्यक्ष राजेश कुमार रंजन ने बताया कि शुक्रवार को घोंघसा गांव में संदिग्ध परिस्थिति में काजू कुमारी की मृत्यु हुई थी। इसके बाद मृतका के मायके पक्ष द्वारा दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इस मामले में मृतका के पति सत्यम कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है. वहीं, मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है.