हर घर तक पहुंचेगी विकास योजनाओं की जानकारी, चानन से मंत्री सुनील कुमार ने दिया बड़ा संदेश

Government Outreach: चानन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि सरकार की विकास योजनाओं और कल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी हर घर तक पहुंचाई जाएगी.

चानन (लखीसराय) से रंजन पासवान की रिपोर्ट

Government Outreach: लखीसराय के चानन प्रखंड से विकास और जनकल्याण का बड़ा संदेश सामने आया है. पंचायत विकास शिविर में पहुंचे जिला प्रभारी मंत्री सुनील कुमार ने स्पष्ट कहा कि सरकार की प्राथमिकता हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और हर घर तक उसकी जानकारी उपलब्ध कराना है. इस दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और रोजगार को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की गईं.

दीप प्रज्वलन के साथ विकास संवाद की शुरुआत

चानन प्रखंड के कुंदर पंचायत सरकार भवन में आयोजित पंचायत विकास शिविर का उद्घाटन बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री सुनील कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया. कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पल्स पोलियो अभियान के तहत बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई और एक टीबी मरीज को गोद लेने की घोषणा कर स्वास्थ्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी दिखाई.

सरकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाने का संकल्प

अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि पंचायत विकास शिविर का उद्देश्य केवल योजनाओं की जानकारी देना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि हर पात्र लाभुक तक उसका लाभ पहुंचे. उन्होंने कहा कि बिहार सरकार समावेशी विकास और न्याय के साथ विकास की नीति पर लगातार काम कर रही है.

Government Outreach: महिला सशक्तिकरण बना विकास का आधार

मंत्री ने कहा कि बिहार में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है. पुलिस विभाग में 30 हजार से अधिक महिला पुलिसकर्मी कार्यरत हैं, जबकि पंचायती राज व्यवस्था में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देकर उन्हें निर्णय प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है.

चानन में शिक्षा और उद्योग को मिलेगी नई रफ्तार

उन्होंने कहा कि चानन क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं. क्षेत्र में उद्योग स्थापना की प्रक्रिया जारी है. जुलाई से डिग्री स्तर तक की पढ़ाई शुरू होने जा रही है और मॉडल स्कूल का निर्माण भी कराया जा रहा है. शिक्षा के क्षेत्र में सरकार लगातार निवेश कर रही है ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों को बेहतर अवसर मिल सकें.

जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की रही सक्रिय मौजूदगी

कार्यक्रम में विधायक रामानंद मंडल, जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार सहित जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. पंचायत की मुखिया प्रभा देवी ने अतिथियों का स्वागत कर कार्यक्रम को यादगार बनाया.

ये भी पढ़े : पिता के निधन के बाद भाई बना सहारा, अब देश की सेवा करने सरहद पर निकलेंगे जमुई के 22 वर्षीय लव कुश

ये भी पढ़े : ‘बिहार में कचरा भगाने का अभियान जारी रहेगा’, सीएम सम्राट बोले- अपराधियों के पास नेपाल जाने के अलावा कोई रास्ता नहीं

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amit kumar sinh

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >