गंगा उच्चतम जलस्तर से महज एक सेमी नीचे, बड़हिया में बाढ़ से हाहाकार, दियारा में कटाव का खतरा

बड़हिया में गंगा का जलस्तर उच्चतम स्तर के करीब, बाढ़ से जनजीवन अस्त-व्यस्त। हजारों एकड़ फसल डूबी और कई गांवों का संपर्क टूटा। प्रशासन ने जारी किया अलर्ट।

बड़हिया (लखीसराय). गंगा नदी का रौद्र रूप बड़हिया प्रखंड में विकराल होता जा रहा है. पटना के गांधीघाट गेज पर शनिवार सुबह 9 बजे गंगा का जलस्तर 50.51 मीटर रिकॉर्ड किया गया है, जो खतरे के निशान से 1.91 मीटर ऊपर है.जल संसाधन विभाग के मुताबिक गांधीघाट पर गंगा अपने अब तक के उच्चतम जलस्तर 50.52 मीटर से महज एक सेंटीमीटर नीचे बह रही है. नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि यहां नया उच्चतम बाढ़ स्तर बन सकता है. विभाग ने सभी जिलाधिकारियों को अलर्ट जारी किया है. तटबंध के अंदर बसे लोगों को सतर्क करने, बाढ़ आपदा दल से लगातार गश्त कराने और दियारा इलाके में विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है.

टाल-दियारा में जनजीवन अस्त-व्यस्त

गंगा के साथ हरूहर नदी भी उफान पर है. पानी बढ़ने से बड़हिया के टाल और दियारा क्षेत्र में जनजीवन पूरी तरह ठप हो गया है. तेज बहाव से दियारा के कई हिस्सों में कटाव का खतरा बढ़ गया है. हजारों एकड़ में लगी धान समेत अन्य फसलें डूब गई हैं, जिससे किसानों में मायूसी है. तेज बहाव के कारण खुटहा जाने वाली मुख्य सड़क समेत नगर की कई सड़कों पर पानी बह रहा है. बड़हिया बाजार का ग्रामीण इलाकों से संपर्क टूट गया है. करीब 10 हजार ग्रामीणों का प्रखंड मुख्यालय से आवागमन बाधित हो गया है.

इन वार्डों में घुसा पानी

बड़हिया नगर परिषद के वार्ड नंबर 06, 07, 12, 13, 14, 16, 20, 24, 25 और 26 के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी फैल गया है. कई जगह सड़कों के ऊपर से पानी बह रहा है. नवोदय विद्यालय बड़हिया के चारों ओर भी पानी भर गया है. टाल क्षेत्र की ओर जाने वाले रास्ते में बड़हिया रेलवे स्टेशन के पास, गंगासराय और डुमरी पुलिया के पास तेज धारा बह रही है, जिससे टाल क्षेत्र का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है.

घरों में घुटने भर पानी

बाढ़ का पानी अब गांवों के घरों तक पहुंच गया है. खुशहाल टोला, सिकंदरपुर, बोधिटोला, गोलभट्टा, गढ़टोला, खुटहा पूर्वी और खुटहा पश्चिमी समेत कई गांवों में घरों के आसपास पानी जमा है. कई जगह घरों में घुटने तक पानी घुस गया है. लोगों को आने-जाने, मवेशियों के चारे और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भारी परेशानी हो रही है. लगातार बढ़ते जलस्तर से ग्रामीणों में दहशत है. सबकी नजर गंगा के जलस्तर पर टिकी है. प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी है.

घर के आंगन में घुसा पानी | Prabhat Khabar Network
मोहल्ले में घुसा बाढ़ का पानी | Prabhat Khabar Network

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >