लखीसराय. गंगा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि होने के कारण हरोहर और किऊल नदी भी उफान पर हैं. गंगा का पानी चारों तरफ फैलने लगा है. इससे किसानों की धान, मकई और मवेशियों के चारे की फसल में पानी प्रवेश करने लगा है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है. सदर प्रखंड के साबिकपुर और गढ़ी बिशनपुर पंचायत के रेहुआ गांव के बहियार में रात से ही गंगा का पानी खेतों में घुस रहा है.
लगातार बढ़ा जलस्तर तो होगी परेशानी हालांकि अभी पानी का प्रवेश शुरू ही हुआ है और जलस्तर खेतों में काफी नीचे है, इसलिए कुछ दिनों तक धान और मकई की फसल पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा, लेकिन अगर जलस्तर बढ़ने की रफ्तार ऐसी ही तेज रही तो यह किसानों के लिए बड़ी चिंता का विषय बन जाएगा और पशुओं के सामने चारे की समस्या उत्पन्न हो जाएगी. विशेषकर हरोहर नदी के किनारे वाले बहियार की फसलों पर खतरा बढ़ गया है. जिला कृषि पदाधिकारी कुंदन कुमार ने बताया कि सभी किसान सलाहकारों और कृषि समन्वयकों को स्थिति पर नजर रखने और प्रभावित क्षेत्रों की फोटो लेकर जियो-टैग करने का निर्देश दिया गया है.
