किराये के कमरे में महिला मिलने के बाद डायल 112 के सिपाही पर गंभीर आरोप, प्राथमिकी के बाद गिरफ्तार

स्थानीय थाना क्षेत्र के मोहद्दीनगर चौक के समीप डायल 112 में तैनात सिपाही सोनू कुमार के किराये के कमरे में महिला के मिलने का मामला गंभीर हो गया है. महिला द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर सिपाही को गिरफ्तार कर लिया है.

Lakhisarai News: हलसी (लखीसराय). स्थानीय थाना क्षेत्र के मोहद्दीनगर चौक के समीप डायल 112 में तैनात सिपाही सोनू कुमार के किराये के कमरे में महिला के मिलने का मामला अब गंभीर हो गया है. महिला की ओर से लगाए गए आरोपों के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर सिपाही को गिरफ्तार कर लिया. शुक्रवार को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

12 अगस्त की शाम कमरे में मिले थे सिपाही और महिला

जानकारी के अनुसार 12 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे पुलिस को मोहद्दीनगर चौक के समीप किराये के कमरे में डायल 112 के सिपाही सोनू कुमार और एक महिला के मौजूद होने की सूचना मिली थी. सूचना के बाद एसआई अमृता कुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने कमरे से सिपाही और महिला को बरामद कर दोनों से पूछताछ की थी.

महिला ने सिपाही पर लगाए गंभीर आरोप

इसके बाद महिला ने पुलिस अधिकारियों को लिखित आवेदन देकर सिपाही सोनू कुमार पर गंभीर आरोप लगाए. महिला का कहना है कि सिपाही उसे एक मामले के सिलसिले में थाना चलने की बात कहकर अपने साथ ले गया था. आरोप है कि इसके बाद वह उसे बाइक से अपने किराये के कमरे पर ले गया, जहां उसके साथ अभद्र व्यवहार और आपत्तिजनक हरकत करने का प्रयास किया गया.महिला के अनुसार उसने इसका विरोध करते हुए शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोगों के जुटने की बात उसने अपने आवेदन में कही है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है.

सीसीटीवी और जीपीएस जांच की मांग

महिला ने मामले की निष्पक्ष जांच किसी महिला पुलिस पदाधिकारी से कराने की मांग की है. उसने घटना से जुड़े साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए डायल 112 वाहन की सीसीटीवी फुटेज, वाहन का जीपीएस लोकेशन, थाना की जीडी और स्टेशन डायरी की जांच कराने का आग्रह किया है.इसके अलावा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने तथा सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो सहित अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की मांग भी की गयी है.

सिपाही ने आरोपों से किया इनकार

वहीं सिपाही सोनू कुमार ने महिला को अपने कमरे पर बुलाने या ले जाने के आरोप से इनकार किया है. सिपाही के अनुसार महिला पूर्व के एक मामले में दर्ज प्राथमिकी में गिरफ्तारी के संबंध में सिफारिश कराने के उद्देश्य से अचानक उसके किराये के कमरे पर पहुंची थी. उसने महिला को कमरे पर बुलाने की बात से इनकार किया है.

पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, सिपाही भेजा गया जेल

हलसी थानाध्यक्ष राजेश कुमार रंजन ने बताया कि मोहद्दीनगर चौक के समीप किराये के मकान में सिपाही और महिला के मौजूद होने की सूचना मिली थी. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों से पूछताछ की थी. बाद में महिला की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई और आरोपित सिपाही को गिरफ्तार किया गया.

साक्ष्यों और बयानों के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

Lakhisarai News: गिरफ्तारी के बाद सिपाही सोनू कुमार को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस के अनुसार मामले में लगाए गए आरोपों की जांच उपलब्ध साक्ष्यों और संबंधित लोगों के बयानों के आधार पर की जाएगी. सीसीटीवी, जीपीएस, दस्तावेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच के बाद मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By केशव कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >