बकियावाद गांव में बंद घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी

हलसी के बकियावाद गांव में अज्ञात चोरों ने बंद घर का ताला तोड़कर लाखों के गहने और नकदी पर हाथ साफ किया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

हलसी (लखीसराय). थाना क्षेत्र के बकियावाद गांव में अज्ञात चोरों ने बंद पड़े एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. चोरों ने घर का ताला तोड़कर गोदरेज अलमारी और बक्से में रखे नकद व जेवरात उड़ा लिए. घटना के बाद पीड़ित परिवार ने हलसी थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. पीड़िता लीला देवी ने बताया कि उनका पुत्र रंजन कुमार 2 जुलाई को वैष्णो देवी यात्रा पर गया था.

दो दिन पूर्व घर की सफाई के लिए आयी तो हुई जानकारी

इसके बाद वह अपने दूसरे पुत्र सोनू कुमार के घर रहने लगी थीं. 9 जुलाई की सुबह जब वह साफ-सफाई के लिए अपने घर पहुंचीं तो मुख्य दरवाजा खोलते ही देखा कि अंदर के कमरे का ताला टूटा हुआ था और छत का दरवाजा भी खुला था. तुरंत उन्होंने बेटे सोनू कुमार को सूचना दी. सूचना पर सोनू कुमार ने डायल 112 को घटना की जानकारी दी. जांच में सामने आया कि चोरों ने अलमारी और बक्से का ताला तोड़कर लगभग 120 ग्राम सोने के आभूषण, दो किलोग्राम चांदी के जेवरात तथा दो लाख रुपये नकद चोरी कर लिए.

घटना को लेकर परिवार में दहशत

घटना के बाद से पूरे परिवार में दहशत का माहौल है. हलसी थानाध्यक्ष राजेश कुमार रंजन ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है. अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस घटनास्थल का मुआयना कर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >