लखीसराय. उत्पाद थाना की पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन छापेमारी अभियान चलाकर शराब तस्करी और सेवन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. शुक्रवार की रात चलाये गये इस अभियान के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में शराब और बीयर जब्त की है. उत्पाद निरीक्षक निर्मल कुमार ने बताया कि किऊल रेलवे स्टेशन के पास छापेमारी के दौरान पुलिस ने नालंदा जिले के चंडी थाना क्षेत्र स्थित गंगाबिगहा वार्ड नंबर 06 निवासी रामउचित यादव की पत्नी खुशबु देवी को गिरफ्तार किया. उसके पास से 9 लीटर बीयर बरामद की गयी है, जिसे वह बेचने के उद्देश्य से लायी थी.
30 लीटर देसी शराब और एक बाइक जब्त करने में सफलता मिली
दूसरी ओर सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के रामपुर सूर्य मंदिर के समीप की गयी छापेमारी में पुलिस को 30 लीटर देसी शराब और एक बाइक जब्त करने में सफलता मिली. हालांकि, मौके से दो शराब तस्कर फरार होने में सफल रहे. फरार आरोपियों की पहचान किऊल थाना क्षेत्र के बसमतिया वार्ड नंबर 06 निवासी रामाशीष यादव के पुत्र अनंत यादव तथा सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के नबावगंज निवासी शिवालक यादव के पुत्र अंकुश कुमार के रूप में हुई है. पुलिस दोनों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. उधर, कवैया थाना क्षेत्र के बड़ी कवैया जोरा मंदिर, वार्ड नंबर 32 से दशरथ राम के पुत्र अमरेश कुमार को शराब के नशे में गिरफ्तार किया गया है. सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
