अशोक धाम हादसा: मंदिर की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर राष्ट्रीय हिंदू फ्रंट मुखर; PM और CM तक को भेजा 6 सूत्री मांग पत्र

राष्ट्रीय हिंदू फ्रंट ने अशोकधाम मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा है. संगठन ने 24 घंटे CCTV निगरानी, 40 फीट चौड़ी सड़क, स्थायी कंट्रोल रूम, स्वास्थ्य उपकेंद्र और पुलिस चौकी जैसी अहम सुविधाएं विकसित करने की अपील की है. लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के मद्देनजर प्रशासन से अविलंब ठोस कदम उठाने का आग्रह किया गया है.

लखीसराय. प्रसिद्ध पौराणिक अशोकधाम मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग को लेकर राष्ट्रीय हिंदू फ्रंट सह जनसंख्या फाउंडेशन ने मंगलवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा. संगठन ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में स्थायी व्यवस्था विकसित करने की मांग की. ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री, मुख्यमंत्री बिहार, बिहार के गृह मंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को भी भेजी गई है.

24 घंटे सीसीटीवी निगरानी की मांग

संगठन ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है. ज्ञापन में कहा गया है कि कैमरों के माध्यम से 24 घंटे निगरानी व्यवस्था रहने से भीड़ प्रबंधन के साथ सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया जा सकेगा.

40 फीट चौड़ी सड़क बनाने की मांग

संगठन ने बालगुदर चौक, बाइपास बीएड कॉलेज और अशोकधाम हॉल्ट से मंदिर तक कम से कम 40 फीट चौड़ी पीसीसी सड़क बनाने की मांग की है. संगठन का कहना है कि सावन और पर्व-त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण इस क्षेत्र में जाम की समस्या उत्पन्न होती है. चौड़ी सड़क बनने से यातायात व्यवस्था में स्थायी सुधार हो सकता है.

स्थायी कंट्रोल रूम और प्रशासनिक भवन बने

ज्ञापन में मंदिर परिसर में भीड़ नियंत्रण और प्रशासनिक कार्यों के लिए स्थायी कंट्रोल रूम सह प्रशासनिक भवन बनाने की मांग भी की गई है. संगठन के अनुसार इससे किसी आपात स्थिति में प्रशासनिक कार्रवाई और भीड़ प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा.

स्वास्थ्य उपकेंद्र और एंबुलेंस की मांग

श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए जीवन रक्षक दवाओं, ऑक्सीजन और स्थायी एंबुलेंस सुविधा से लैस स्वास्थ्य उपकेंद्र स्थापित करने की मांग की गई है. संगठन का कहना है कि मंदिर शहर से दूर स्थित होने के कारण आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होना जरूरी है.

स्थायी पुलिस चौकी और बैरिकेडिंग की मांग

मंदिर क्षेत्र की सुरक्षा के लिए महिला और पुरुष जवानों की तैनाती वाली स्थायी पुलिस सहायता केंद्र या चौकी बनाने की मांग की गई है. साथ ही कांवरिया पथ और मंदिर प्रवेश मार्ग पर लोहे के पाइप की स्थायी बैरिकेडिंग तथा श्रद्धालुओं को धूप और बारिश से बचाने के लिए स्थायी शेड लगाने की मांग रखी गई.

संगठन के पदाधिकारी रहे मौजूद

ज्ञापन सौंपने वालों में राष्ट्रीय संगठन मंत्री कृष्ण मुरारी, जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार, जिला संयोजक सुनील कुमार, जिला मीडिया प्रभारी मनीष कुमार सिंह, नगर सचिव चंदन कुमार, रूपेश कुमार और रामशीष सिंह शामिल रहे.

लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा का दिया हवाला

संगठन ने कहा कि अशोकधाम में हर वर्ष लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं, लेकिन मूलभूत सुरक्षा और सुविधाओं की कमी के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है. संगठन ने प्रशासन से इन मांगों पर अविलंब ठोस कदम उठाने की अपील की है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजीव मुरारी सिन्हा

राजीव मुरारी सिन्हा लखीसराय में प्रिंट माध्यम में 23 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के लखीसराय कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >