अशोक धाम में तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, 28 जुलाई तक सभी काम पूरे करने का अल्टीमेटम

Shravani Mela 2026 : श्रावणी मेला 2026 के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है. जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार और पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए हैं.

Shravani Mela 2026 : श्रावणी मेला 2026 के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है. सोमवार को जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार और पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने श्री इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर, अशोक धाम पहुंचकर मेला क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया. इस दौरान दोनों अधिकारियों ने विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी कार्य पूरे करने का निर्देश दिया.

श्रद्धालुओं की सुविधा पर रहेगा विशेष फोकस

निरीक्षण के दौरान डीएम ने पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, सड़क, शौचालय, साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग, पार्किंग और अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला में दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे, इसलिए किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए. सभी विभाग गुणवत्ता के साथ समय पर कार्य पूरा करें.

28 जुलाई तक सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि 28 जुलाई 2026 तक मेला से जुड़ी सभी तैयारियां हर हाल में पूरी कर ली जाएं. उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी विभाग की लापरवाही या देरी को गंभीरता से लिया जाएगा. सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाने और मेला व्यवस्था को सुचारु बनाने के निर्देश दिए गए.

सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षा के रहेंगे पुख्ता इंतजाम

पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. मेला क्षेत्र में भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके.

विभागों को सौंपे गए अहम दायित्व

जिला प्रशासन ने विभिन्न विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी हैं. लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सकों, दवाओं, एंबुलेंस और मेडिकल टीमों की चौबीसों घंटे तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. नगर परिषद और संबंधित एजेंसियों को नियमित सफाई, कचरा प्रबंधन और पर्याप्त शौचालयों की व्यवस्था करने को कहा गया है. वहीं पथ निर्माण विभाग को मेला क्षेत्र तक जाने वाली सभी सड़कों को दुरुस्त और सुगम बनाने का निर्देश दिया गया है.

निरीक्षण के दौरान एडीएम नीरज कुमार, एसडीओ प्रभाकर कुमार, एसडीपीओ शिवम कुमार सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजेश कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >