सूर्यगढ़ा (लखीसराय). सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एंटी रेबीज वैक्सीन उपलब्ध नहीं रहने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है क्षेत्र में आवारा कुत्ते के काटने से प्रतिदिन कई लोग जख्मी हो रहे हैं ऐसे में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एंटी रेबीज वैक्सीन उपलब्ध नहीं रहने से मरीज परेशान हो रहे हैं. मरीजों का कहना है कि इस वैक्सीन के लिए अब वे कहां जाए. बताया जा रहा है कि जिला मुख्यालय में भी एंटी रेबीज वैक्सीन उपलब्ध नहीं है. वार्ड पार्षद रोशन कुमार झा उर्फ सुग्गा झा ने बताया कि जब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सूर्यगढ़ा में इस संदर्भ में जानकारी दी गई तो यहां एंटी रेबीज वैक्सीन उपलब्ध नहीं था. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ राजीव कुमार ने बताया कि एक दिन पूर्व शुक्रवार को ही एंटी रेबीज वैक्सीन समाप्त हो गया है.
सदर अस्पताल में भी नहीं उपलब्ध है एंटी रेबीज वैक्सीन
अभी सदर अस्पताल लखीसराय में भी एंटी रेबीज वैक्सीन उपलब्ध नहीं है. विभाग द्वारा वैक्सीन उपलब्ध कराए जाने के बाद ही मरीज को वैक्सीन मिल पाएगा. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि अक्सर यह वैक्सीन उपलब्ध रहता है. इधर बारिश के मौसम एवं नदी के जलस्तर में वृद्धि के कारण स्नेक बाइट की घटना में भी इजाफा हो सकता है. उन्होंने बताया कि स्नेक बाइट होने पर वैक्सीन उपलब्ध है. बाढ़ से संभावित बीमारी फैलाव से निपटने की तैयारी- प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में बाढ़ के संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा इससे निपटने की तैयारी की गई है. बाढ़ की स्थिति में किसी भी बीमारी के फैलाव को रोकने के लिए विभाग अलर्ट है.
