लखीसराय. बिहार के युवाओं व बच्चों में शिक्षा की नयी अलख जगाने के ध्येय से निकली ”शिक्षा संकल्प यात्रा” इन दिनों लखीसराय जिले के प्रवास पर है. यात्रा के मार्गदर्शक व प्रमुख शिक्षाविद निमेष शुक्ला के नेतृत्व में पदयात्रा व जन-जागरूकता का अभियान जारी है. इस यात्रा का मूल उद्देश्य प्रदेश के सुदूर इलाकों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के महत्व को पहुंचाना व छात्र-छात्राओं को आधुनिक दौर की चुनौतियों के लिए तैयार करना है. लखीसराय प्रवास के दौरान निमेष शुक्ला ने पिपरिया प्रखंड के वलीपुर स्थित ग्राम के पुस्तकालय, लाल इंटरनेशनल स्कूल व पीएम श्री प्लस टू उच्च विद्यालय कैंदी सिंहपुर का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने बड़ी संख्या में उपस्थित विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया. छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए शुक्ला ने कहा कि आज का युग सूचना व तकनीक का है. समय की मांग के हिसाब से विद्यार्थियों को निरंतर खुद को अपडेट करना होगा. उन्होंने जोर देकर कहा कि केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है. प्रतियोगी परीक्षाओं व भविष्य की जरूरतों को समझते हुए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना ही सफलता की कुंजी है. विशेष रूप से चर्चा करते हुए निमेष शुक्ला ने लखीसराय जिले के प्रतिभाशाली छात्रों के लिए ”अध्ययन वीर” चयन की घोषणा की. उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि इस प्रक्रिया के माध्यम से जिले के मेधावी छात्रों की पहचान की जायेगी और उन्हें उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए विशेष मार्गदर्शन व सहायता प्रदान की जायेगी. इस अभियान को सफल बनाने में स्थानीय शिक्षाविदों और गणमान्य व्यक्तियों का भरपूर सहयोग मिल रहा है. लखीसराय में यात्रा के दौरान राजकीय सम्मान प्राप्त शिक्षक पीयूष कुमार झा, पिपरिया प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि रामविलास शर्मा, लाल इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक मुकेश कुमार, कला शिक्षक रणवीर कुमार और शिक्षा संकल्प यात्रा के संयोजक परमेश्वर सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे.
लखीसराय से होगा ''अध्ययन वीर'' का चयन : निमेष शुक्ला
लखीसराय से होगा 'अध्ययन वीर' का चयन : निमेष शुक्ला
