महादलित महिला की हत्या
चानन : रविवार की अहले सुबह चानन थाना क्षेत्र की महेश लेटा पंचायत के बिछवे मुसहरी स्थित बगीचे में एक महादलित महिला की अपराधियों ने गला रेत कर हत्या कर दी. जानकारी के अनुसार, लोगों ने रविवार को दिन के दस बजे बगीचे स्थित एक गड्ढे में एक महिला की लाश देखी. शोर किये जाने के बाद महिला की पहचान पास ही के गांव बिछवे मुसहरी की सरोजनी देवी (35 वर्ष) के रूप में की गयी.
महिला के गले पर चाकू गोदने व गला रेतने के निशान पाये गये हैं. पुलिस के अनुसार, घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है. गांव वालों के अनुसार, महिला गरीब थी. मजदूरी कर अपना और अपने पांच पुत्रों का को भरण पोषण करती थी. सरोजनी के पति बिगन मांझी की तीन वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है. महिला का शव बरामद होने के बाद गांव के लोगों ने उसके परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर किऊल-मननपुर मुख्य सड़क को जाम कर दिया.
लगभग डेढ़ घंटे जाम रहने के बाद में महेश लेटा पंचायत के मुखिया शंभु पासवान ने कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत 15 सौ रुपया मुआवजा और आगे प्रावधान के अनुसार अन्य सहायता देने का आश्वासन दिया. इसके बाद जाम को हटाया जा सका. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर भेजा. घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. कोई इसे रात की घटना, तो कोई इसे अहले सुबह की बता रहा है. वहीं चानन थानाध्यक्ष पंकज कुमार झा ने बताया कि महिला की सुबह में हत्या की गयी है.
