यात्रियों से भरी बस पेड़ से टकरायी, दर्जनभर सवार घायल, सदर अस्पताल में किया भर्ती

लखीसराय : जिले के रामगढ़ चौक थाना क्षेत्र के बिहरौरा गांव के समीप मंगलवार की दोपहर शेखपुरा से लखीसराय आ रही बस ने एक पेड़ में जोरदार ठोकर मार दी, जिससे बस में सवार दर्जन भर से अधिक लोग घायल हो गये. घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल में इलाज के लिए […]

लखीसराय : जिले के रामगढ़ चौक थाना क्षेत्र के बिहरौरा गांव के समीप मंगलवार की दोपहर शेखपुरा से लखीसराय आ रही बस ने एक पेड़ में जोरदार ठोकर मार दी, जिससे बस में सवार दर्जन भर से अधिक लोग घायल हो गये.

घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया, जबकि कई लोग इलाज के लिए अन्यत्र जगह चले गये. जानकारी के अनुसार शेखपुरा से आ रही बस (बीआर 52 9687) का चालक किसी कारणवश बिहरौरा गांव के समीप वाहन से अपना संतुलन खो दिया, जिससे बस पेड़ में जा टकरायी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीछे का सीट आगे की ओर आ गया, वहीं बस में सवार में कई लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गये.
घटना की सूचना मिलने पर रामगढ़ चौक थानाध्यक्ष धीरेंद्र पाठक दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे तथा स्थिति की जानकारी ली तथा वहां मौजूद अन्य घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भिजवाया. उसके बाद सदर अस्पताल पहुंचकर खुद घायलों से हालचाल जाना. थानाध्यक्ष ने बताया कि इस दुर्घटना में दर्जन भर से अधिक यात्री घायल हुए, जिसमें सात से आठ यात्रियों का इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है, जबकि अन्य घायल इलाज कराने के लिए अन्यत्र जगह चले गये.
पेड़ से बस टकराने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े : यात्री बस को पेड़ से टकराने की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग वहां पहुंचकर बस के अंदर बेसुध पड़े घायलों को बाहर निकालने में मदद करने लगे. वहीं कई लोगों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया.
घायलों में ये हैं शामिल
सूर्यगढ़ा प्रखंड के उरैन निवासी हैदर अली के 72 वर्षीय पुत्र शमसूद अली, डकरा गांव के रामदेव सिंह के पुत्र 50 वर्षीय बजरंगी साव, हसनपुर के मुकेश सिंह के पुत्री 15 वर्षीया मुस्कान कुमारी, बाजार समिति निवासी टिंकू राम की पत्नी 24 वर्षीया शोभा देवी, शरमा गांव के जयकांत सिंह के पुत्र 30 वर्षीय सौरभ कुमार, शोभनी गांव के नागो मांझी के पुत्र 50 वर्षीय चुनबू मांझी के अलावा बस में सवार होकर आ रहे शिक्षक अजय कुमार, मधुरलता सहित अन्य घायल हो गये.
बस में यात्री ने बताया ब्रेक फेल होने की वजह से हुई घटना
शेखपुरा से लखीसराय आ रही बस में सिसमा गांव में अपने बच्चों के साथ सवार हुई यात्री रीता देवी ने बताया कि बस में बैठे सारे यात्रियों के बीच एकाएक बस का ब्रेक फेल होने की बात कही जाने लगी, तथा वाहन रोकवाने के बावजूद बस नहीं रुकी. यात्री इससे पहले की कुछ और सोच पाते की बस पेड़ से जा टकरायी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >