लखीसराय : टाउन थाना क्षेत्र के ओफापुर गांव में बुधवार की रात चोर की आशंका से ग्रामीणों के शोर मचाने के बाद पूरा गांव लाठी डंडा लेकर दौड़ पड़ा. वहीं कुछ ग्रामीणों के अनुसार, गांव के महादलित टोला की ओर भागते हुए चोरों द्वारा फायरिंग भी की गयी. हालांकि टाउन थाना पुलिस फायरिंग होने की बात से इंकार कर रही है.
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार की देर शाम गांव के महादलित टोला की ओर खेतों में लगी फसल के बीच कुछ लोगों के होने की आशंका तथा चोर होने की फैली खबर के बीच ग्रामीण शोर मचाते हुए बताये गये दिशा की ओर दौड़ चले. हालांकि ग्रामीणों को वहां पर कुछ नहीं मिला. कुछ ग्रामीणों द्वारा चोरों के द्वारा फायरिंग करते हुए भाग जाने की बात भी कही गयी.
घटना की जानकरी मिलते ही टाउन थाना की पुलिस मौके पर पहुंच मामले की जांच प्रारंभ कर दी. घटना के बाद चोरों के दहशत से गांव के प्रत्येक घर से एक-एक सदस्य गांव में घूम-घूमकर चौकीदारी कर रहे थे. इस संबंध में टाउन थानाध्यक्ष अभिजीत कुमार ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस बल को गांव में भेजा गया.
उन्होंने फायरिंग की बात से इंकार किया. उन्होंने बताया कि विगत दिनों गांव में डकैती की घटना के बाद ग्रामीण सशंकित रह रहे हैं, जिस वजह से खेतों में थोड़ी हरकत देख ग्रामीण चोर की आशंका से ग्रसित हो उठे. वैसे पुलिस मामले की जांच कर रही है.
