आक्रोश. पांच घंटे बाद स्टोर से तोड़ा ताला
बड़हिया : स्थानीय रेफरल अस्पताल में मंगलवार को दवा के लिए अफरा-तफरी रही. अस्पताल से दवा नहीं मिलने पर मरीजों व उनके परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया. लगभग पांच घंटे बाद रेफरल अस्पताल प्रभारी डॉ विनोद सिन्हा ने जनप्रतिनिधि सहित अन्य लोगों की उपस्थिति में ताला तोड़कर दवा वितरण शुरू कराकर मामला शांत कराया. उधर प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगलवार की सुबह से रेफरल अस्पताल का ओपीडी खुला जहां डॉ मारुतिनंदन मरीजों का लगातार इलाज कराते रहे. मगर दवा काउंटर नहीं खुलने से अफरा-तफरी मची रही और मरीजों को बाहर दुकान से दवा खरीदने को मजबूर होना पड़ा.
इधर वार्ड संख्या 10 के वार्ड पार्षद अमित कुमार, पूर्व नगर पंचायत उपाध्यक्ष प्रमोद कुमार और भाजपा नेता जयनारायण सिंह ने आक्रोशित मरीजों और परिजनों का नेतृत्व करते हुए जिलाधिकारी लखीसराय और सिविल सर्जन लखीसराय को इससे अवगत कराया. उधर नगर पंचायत अध्यक्ष मंजु देवी ने कहा कि रेफरल अस्पताल बड़हिया को सचेत करते हुए कहा कि एक सप्ताह के अंदर रेफरल अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्था समाप्त किया जाय. अन्यथा वे स्वयं अव्यवस्था के विरुद्ध जन आंदोलन करेंगी. रेफरल अस्पताल प्रभारी डॉ विनोद कुमार सिन्हा ने दवा वितरण केंद्र नहीं खुलने के कारणों का खुलासा करते हुए कहा कि दवा वितरण प्रभारी का तबादला सिविल सर्जन लखीसराय ने हलसी कर दिया. तबादला के आदेश के बाद उक्त स्वास्थ्य कर्मी को रेफरल अस्पताल से विरमित कर दिया. तबादला वाले स्वास्थ्य कर्मी हलसी कार्यभार ग्रहण करने गये और भूलवश चाबी लेते चले गये. जिस कारण सुबह में दवा वितरण केंद्र का ताला नहीं खुला और कुछ देर मरीजों को परेशानी हुई. खानापूर्ति के बाद ताला तोड़कर दवा वितरण प्रारंभ कर दी गयी. रेफरल अस्पताल की व्यवस्था पर प्रभारी ने संतोष व्यक्त किया.
