जमुई/लखीसराय/बांका : नक्सलियों द्वारा आहूत बंद का जमुई, लखीसराय, मुंगेर व बांका जिले में व्यापक असर देखा गया. नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में गुरुवार को जहां बाजार की सभी दुकानों बंद रही. वहीं सड़कों पर वीरानगी छायी रही. वाहनों का परिचालन नहीं होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. बांका के सीमावर्ती क्षेत्रों में खौफ देखा गया. अन्य दिनों की तुलना में बाजार भी शाम को जल्द बंद हो गये.
मुंगेर के नक्सलग्रस्त क्षेत्रों में भी नक्सली बंदी का असर देखा गया.खैरा प्रतिनिधि के अनुसार प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों में माओवादियों द्वारा बंद का आंशिक असर देखा गया. सड़कों पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह से ठप रहने से जमुई-रोपाबेल व जमुई-सोनो सहित ग्रामीण क्षेत्रों में इक्का-दुक्का वाहन ही चलते देखे गये. वहीं विभिन्न सरकारी कार्यालयों में कर्मियों की उपस्थिति भी प्रभावित हुई. सरकारी व गैर सरकारी शिक्षण संस्थानों व चुनाव प्रचार पर भी बंद का व्यापक असर दिखा.
गिद्धौर प्रतिनिधि के अनुसार प्रखंड क्षेत्र में माओवादी बंदी का आंशिक असर देखा गया.इस दौरान सड़कें सुनसान दिखी और सड़कों पर इक्के-दुक्के वाहन ही चलते नजर आये और यात्री वाहनों का परिचालन पूरी तरह से ठप रहा. वहीं विभिन्न सरकारी कार्यालयों में कर्मी की उपस्थित आम दिन की ही तरह थी. सभी सरकारी तथा गैर सरकारी शिक्षण संस्थान में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति नगण्य रही. वहीं माओवादी बंदी को लेकर पुलिस काफी चौकस होकर गश्ती करती नजर आयी. इस दौरान पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान चला कर दो पहिया वाहनों की सघन जांच की.
