पिकअप व स्कूटी की टक्कर में युवक की मौत, दो गंभीर

पिकअप व स्कूटी की टक्कर में युवक की मौत, दो गंभीर

ओवरटेक करने के चक्कर में हुआ दर्दनाक हादसा, अष्टयाम की खरीदारी करने जा रहे थे तीनों दोस्त

ठाकुरगंज. ठाकुरगंज-किशनगंज मुख्य सड़क पर सोमवार को हुए एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है. नूनधारा व आदरागुरी गांव के बीच एक अनियंत्रित पिकअप व स्कूटी की सीधी भिड़ंत में एक युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गयी, जबकि उसके दो साथी जीवन व मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं. मृतक की पहचान पोठिया प्रखंड के बेलगाछी निवासी सचिन कुमार सिंह (पिता-खेतलाल सिंह) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, बेलगाछी निवासी मुकेश कुमार, राहुल कुमार व सचिन कुमार सिंह अपनी स्कूटी से गांव में आयोजित होने वाले अष्टयाम अनुष्ठान के लिए खरीदारी करने जा रहे थे. इसी दौरान एक ई-रिक्शा को ओवरटेक करने की कोशिश में सामने से तेज रफ्तार में आ रहे पिकअप वैन से उनकी सीधी टक्कर हो गयी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए व सचिन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल मुकेश व राहुल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, ठाकुरगंज पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए किशनगंज सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही ठाकुरगंज पुलिस मौके पर पहुंची. प्रभारी थानाध्यक्ष नवनीत कुमार ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इधर, इस घटना के बाद बेलगाछी गांव में मातम पसरा हुआ है. मृतक सचिन के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश भी देखा जा रहा है.

इस हादसे ने नूनधारा-आदरागुरी मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह इलाका ”ब्लैक स्पॉट” बनता जा रहा है. यहां पहले भी कई बड़े हादसे हो चुके हैं. इसके बावजूद विभाग की ओर से न तो यहां कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया है, न ही गति सीमा नियंत्रण के ठोस उपाय किए गए हैं. लोगों का मानना है कि ओवर स्पीडिंग व व्यवस्थित ट्रैफिकिंग के अभाव ने एक हंसते-खेलते परिवार को कभी न भरने वाला जख्म दे दिया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >