तीन लाख से अधिक जीविका दीदियां स्वावलंबन व प्रगति के पथ पर अग्रसर

तीन लाख से अधिक जीविका दीदियां स्वावलंबन व प्रगति के पथ पर अग्रसर

डीएम ने चखा ”दीदी की रसोई” का स्वाद, महानंदा चायपत्ती व मसालों की जमकर हुई बिक्री

किशनगंज. बिहार दिवस के गौरवशाली अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा खगड़ा स्टेडियम में आयोजित भव्य कार्यक्रम में जीविका का स्टॉल आकर्षण का केंद्र बना रहा. पूरे दिन जीविका दीदियों द्वारा तैयार उत्पादों व व्यंजनों को देखने व स्वाद चखने के लिए लोगों का तांता लगा रहा. जिला पदाधिकारी विशाल राज, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा व अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने स्टॉल का भ्रमण किया. इस दौरान अधिकारियों ने ”जीविका दीदी की रसोई” के जायकेदार व्यंजनों और कॉफी का लुत्फ उठाया व दीदियों के हुनर की मुक्त कंठ से प्रशंसा की.

स्टॉल पर विशेष रूप से किशनगंज की जीविका दीदियों द्वारा निर्मित ”महानंदा लीफ” चायपत्ती व ओखली में कुटे गए पारंपरिक मसालों की प्रदर्शनी लगायी गयी थी, जो लोगों के कौतूहल और ध्यान का मुख्य केंद्र रही. शुद्धता व बेहतरीन गुणवत्ता के कारण इन उत्पादों की पूरे दिन रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की गयी.

स्वावलंबन से बढ़ रही बिहार की गरिमा

इस अवसर पर जीविका की जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) अनुराधा चंद्रा ने जिले की सभी जीविका दीदियों को बिहार दिवस की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि बिहार और जिले की प्रगति में जीविका दीदियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है. अपनी मेहनत व आत्मनिर्भरता के बल पर इन महिलाओं ने न केवल अपने परिवार की स्थिति सुधारी है, बल्कि पूरे प्रदेश की गरिमा को भी एक नयी ऊंचाई दी है.

तीन लाख महिलाओं को मिला रोजगार का संबल

डीपीएम ने बताया कि वर्तमान में किशनगंज जिले में 20 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं. इनसे जुड़ी लगभग तीन लाख से अधिक जीविका दीदियां विभिन्न रोजगार व स्वरोजगार के माध्यम से प्रगति के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रही हैं. स्टेडियम में आयोजित इस प्रदर्शनी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि ग्रामीण महिलाएं अब आर्थिक रूप से सशक्त होकर मुख्यधारा का नेतृत्व कर रही हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >