उत्तर पल्ली के निवासियों ने सौंपी तीन सूत्री मांगें, आंदोलन के बाद समाधान की जगी उम्मीद
किशनगंज. नगर परिषद क्षेत्र की समस्याओं के त्वरित निष्पादन व आम जनता से सीधे जुड़ाव के लिए नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान ने ”जन संवाद” कार्यक्रम का शंखनाद किया है. रविवार को इस अभियान के तहत वार्ड संख्या एक, उत्तर पल्ली में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान नप अध्यक्ष ने मोहल्ले वासियों की मूलभूत समस्याओं को खुद सुना व उनके जल्द निदान का ठोस भरोसा दिया. कार्यक्रम में पहुंचने पर स्थानीय लोगों व युवाओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया.गौरतलब है कि बीते दिनों इसी वार्ड के निवासियों ने जर्जर सड़क निर्माण को लेकर जोरदार आंदोलन किया था. तब नगर परिषद अध्यक्ष ने मौके पर पहुंचकर समाधान का आश्वासन दिया था. इसी कड़ी में रविवार को आयोजित जनसंवाद के दौरान स्थानीय लोगों ने उन्हें तीन अलग-अलग ज्ञापन सौंपे, जिसमें मुख्य रूप से जल निकासी व सड़क निर्माण की मांग शामिल है. स्थानीय युवाओं ने बताया कि आंदोलन के बाद परिषद द्वारा कुछ तात्कालिक व्यवस्थाएं की गई थीं, लेकिन अब वे स्थायी समाधान की उम्मीद कर रहे हैं. जनसंवाद के दौरान नप अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान ने स्पष्ट किया कि किशनगंज नगर परिषद को ”क्लीन और ग्रीन” बनाने के साथ-साथ सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने कहा, मेरे साथ सिटी मैनेजर और कनीय अभियंता भी मौके पर मौजूद हैं. सड़क का प्राक्कलन (एस्टीमेट) तैयार करने का निर्देश दे दिया गया है. हमारा लक्ष्य है कि बरसात शुरू होने से पहले इस सड़क का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाए. ” उन्होंने जोर देकर कहा कि वह वार्ड वासियों की समस्याओं के निदान के लिए पूरी तरह कृतसंकल्पित हैं. नप अध्यक्ष ने बताया कि शहर के कई अन्य वार्डों में विकास की योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जिससे वहां की पुरानी समस्याएं समाप्त हो गयी हैं. वार्ड संख्या एक में भी प्राथमिकता के आधार पर कार्य शुरू कराया जाएगा. इस अवसर पर जदयू जिला अध्यक्ष फैसल अहमद सहित नगर परिषद के कई अधिकारी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे. परिषद की इस ”जनसंवाद” पहल से वार्ड वासियों में काफी उत्साह देखा जा रहा है. उन्हें उम्मीद है कि अब वर्षों पुरानी समस्याओं से छुटकारा मिलेगा.
