माधव नगर में रमजान नदी पर बनेगा नया पुल, विधायक कमरुल हुदा ने किया स्थल निरीक्षण
किशनगंज. नगर परिषद क्षेत्र के माधव नगर व सब्जी मंडी क्षेत्र के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है. रमजान नदी पर प्रस्तावित पुल निर्माण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए सदर कांग्रेस विधायक कमरुल हुदा ने रविवार को संबंधित स्थल का भौतिक निरीक्षण किया. विधायक ने प्रस्तावित पुल के एलाइनमेंट और पहुंच पथ की बारीकी से जांच की और स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी राय जानी. इस पुल के बनने से शहर की एक बड़ी आबादी को आवागमन में सुविधा होगी और मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा.निरीक्षण के दौरान विधायक कमरुल हुदा ने जनभावनाओं का सम्मान करते हुए नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी प्रवीण कुमार को कड़े निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि पुल निर्माण के लिए स्थल चयन और डिजाइन तैयार करते समय इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि किसी भी गरीब का आवासीय घर न टूटे.
पलायन व परेशानी बर्दाश्त नहीं
विधायक ने अधिकारियों को हिदायत देते हुए कहा, विकास का अर्थ विनाश नहीं होना चाहिए. निर्माण कार्य इस तरह नियोजित हो कि लोगों को पलायन न करना पड़े और न ही वे बेघर हों. कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी से तकनीकी पहलुओं पर चर्चा की और जल्द से जल्द डीपीआर की प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ाने को कहा.
प्रशासनिक व राजनीतिक अमले की उपस्थिति
इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी प्रवीण कुमार के अलावा कांग्रेस जिलाध्यक्ष इमाम अली चिंटू, विधायक प्रतिनिधि ईदु हसन और वार्ड पार्षद प्रतिनिधि निशु खान मुख्य रूप से उपस्थित रहे. साथ ही हाजी मो रजा उर्फ लड्डू, आदर्श साहा, कुमार छोटू एवं मोहल्ले के कई गणमान्य व्यक्तियों ने विधायक को अपनी चिंताओं से अवगत कराया. विधायक के इस आश्वासन के बाद स्थानीय लोगों में खुशी की लहर है. उन्हें उम्मीद है कि बिना किसी नुकसान के क्षेत्र को एक आधुनिक पुल की सौगात मिलेगी.
