बूढ़ी कनकई नदी के पवित्र जल से कलश स्थापना, ”हरे कृष्णा” के जयघोष से गुंजायमान हुआ क्षेत्र
84 घंटों तक अनवरत चलेगा प्रभु नाम का जाप, सुख-समृद्धि की कामना हेतु उमड़ा जनसैलाब
पौआखाली. ठाकुरगंज प्रखंड की भौलमारा पंचायत अंतर्गत रानीगंज दस्तूर गांव इन दिनों पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में डूबा हुआ है. रविवार से यहां 84 घंटे के ”श्री श्री 108 अखंड हरिनाम संकीर्तन” अनुष्ठान का भव्य आगाज हुआ. कार्यक्रम की शुरुआत एक अत्यंत आकर्षक व विशाल कलश यात्रा के साथ की गयी, जिसमें बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं व कन्याओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. गाजे-बाजे व वैदिक मंत्रोच्चार के बीच निकली इस यात्रा ने पूरे क्षेत्र में भक्ति की बयार बहा दी.
कलश यात्रा के दौरान पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर गांव का भ्रमण किया. इस दौरान श्रद्धालुओं द्वारा लगाए गए ”जय श्री राम” व ”हरे कृष्णा” के नारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा. क्षेत्र के पबना स्थित बूढ़ी कनकई नदी से पवित्र जल भरने के बाद, कलशों को अनुष्ठान स्थल (मंडप) पर विधि-विधान के साथ स्थापित किया गया. आयोजन समिति ने मंडप को विशेष रूप से सजाया है, जहां भगवान की मनमोहक प्रतिमाएं आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं.