संत महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति में 2-3 मई को होगा भारत सेवाश्रम का दो दिवसीय वार्षिक महोत्सव

इसके पश्चात संध्या 7 बजे आचार्य वरण एवं भव्य सांस्कृतिक अनुष्ठान का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय कलाकारों द्वारा धार्मिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी.

ठाकुरगंज सीमावर्ती क्षेत्र ठाकुरगंज में आस्था और संस्कृति का एक बड़ा संगम देखने को मिलेगा, जब भारत सेवाश्रम संघ, ठाकुरगंज हिन्दू मिलन मंदिर के तत्वावधान में 2 एवं 3 मई 2026 को दो दिवसीय भव्य वार्षिक महोत्सव, हिंदू धर्म शिक्षा-संस्कृति सम्मेलन तथा वैदिक शांति यज्ञ का आयोजन किया जाएगा. यह आयोजन आश्रम पाड़ा स्थित मंदिर प्रांगण में होगा, जिसमें दूसरे स्थानों से आये संत-महात्माओं की उपस्थिति कार्यक्रम को विशेष बनाएगी. आयोजन समिति के अनुसार 2 मई (शनिवार) को अपराह्न 4 बजे नव-निर्मित मंदिर का शुभ उद्घाटन स्वामी प्रदीप्तानंदजी महाराज के कर कमलों द्वारा संपन्न होगा. इसके पश्चात संध्या 7 बजे आचार्य वरण एवं भव्य सांस्कृतिक अनुष्ठान का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय कलाकारों द्वारा धार्मिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी. महोत्सव का दूसरा दिन 3 मई (रविवार) को प्रातः मंगल आरती एवं गीता पाठ के साथ प्रारंभ होगा. सुबह 8 बजे दीक्षा समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु वैदिक रीति से दीक्षा ग्रहण करेंगे. इसके बाद सुबह 9 बजे मंदिर परिसर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बैंड-बाजा, कलश यात्रा एवं श्रद्धालुओं की विशाल भागीदारी रहेगी. पूर्वाह्न 11 बजे श्री ठाकुर प्रणवानंद जी महाराज का अभिषेक, पूजा-अर्चना, आरती एवं भोग का कार्यक्रम संपन्न होगा. दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक महाप्रसाद वितरण किया जाएगा. संध्या 5 बजे भजन-कीर्तन तथा 6 बजे हिंदू धर्म शिक्षा-संस्कृति सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें धर्म, संस्कृति एवं सामाजिक मूल्यों पर संत-महात्माओं द्वारा विचार रखे जाएंगे. रात्रि 8 बजे वैदिक शांति यज्ञ एवं पूजा आरती के साथ कार्यक्रम का समापन होगा. आयोजन की विशेषता यह है कि इसमें आध्यात्मिक प्रवचन, सांस्कृतिक अनुष्ठान, दीक्षा संस्कार तथा सामूहिक भक्ति का अद्भुत समन्वय देखने को मिलेगा. आयोजन समिति ने बताया कि इस महोत्सव का उद्देश्य समाज में धार्मिक चेतना, नैतिक मूल्यों एवं सांस्कृतिक परंपराओं को सुदृढ़ करना है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >