लगातार बारिश से किसानों में लौटी उम्मीद, टेढ़ागाछ में धान रोपनी ने पकड़ी रफ्तार

किशनगंज के टेढ़ागाछ प्रखंड में लगातार बारिश ने किसानों के चेहरों पर मुस्कान ला दी है. धान की रोपनी तेज हो गई है और किसानों को अच्छी फसल की उम्मीद है. मक्के की फसल के नुकसान की भरपाई की आस जगी है.

किशनगंज से गौरव कुमार की रिपोर्ट

टेढ़ागाछ, किशनगंज : जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश किसानों के लिए राहत और खुशियां लेकर आई है. समय पर हुई वर्षा से खेतों में पर्याप्त नमी आ गई है, जिससे धान की रोपनी का कार्य तेजी पकड़ने लगा है. कई गांवों में किसान खेत तैयार करने के साथ-साथ रोपनी के काम में भी जुट गए हैं.

बारिश से खेत हुए तैयार, किसानों में बढ़ा उत्साह

किसानों ने बताया कि इस वर्ष मौसम की अनिश्चितता के कारण मक्के की फसल को काफी नुकसान उठाना पड़ा था. समय पर बारिश नहीं होने से फसल प्रभावित हुई और आर्थिक क्षति भी झेलनी पड़ी. हालांकि लगातार हो रही वर्षा ने अब किसानों में नई उम्मीद जगा दी है. उनका मानना है कि धान की अच्छी फसल से मक्के के नुकसान की भरपाई काफी हद तक हो सकेगी.

धान की अच्छी पैदावार की उम्मीद

स्थानीय किसान सिकंदर सिंह, पंचानंद ऋषिदेव, झड़ीलाल साह, बालेश्वर यादव, मयानंद मंडल, विनोद ऋषिदेव, खुशी लाल मंडल, प्रेमलाल मंडल और दयानंद ठाकुर सहित कई किसानों ने बताया कि समय पर हुई बारिश धान की खेती के लिए बेहद लाभदायक है. खेतों में पर्याप्त पानी जमा होने लगा है और अब युद्धस्तर पर धान की रोपनी शुरू कर दी गई है. किसानों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में भी मौसम अनुकूल रहा तो इस वर्ष धान की बेहतर पैदावार होने की पूरी संभावना है.

कृषि विशेषज्ञों ने भी बताया अनुकूल समय

कृषि जानकारों के अनुसार धान की रोपनी के लिए वर्तमान समय सबसे उपयुक्त माना जाता है. लगातार बारिश से खेतों में नमी बनी रहेगी, जिससे धान के पौधों का बेहतर विकास होगा और उत्पादन बढ़ने की संभावना भी अधिक रहेगी.

किसानों ने कृषि सुविधाएं बढ़ाने की मांग की

किसानों ने सरकार से खरीफ मौसम को देखते हुए पर्याप्त मात्रा में खाद, बीज और अन्य कृषि सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है. उनका कहना है कि समय पर आवश्यक संसाधन उपलब्ध होने से खेती और बेहतर तरीके से हो सकेगी. बारिश के बाद पूरे टेढ़ागाछ प्रखंड में कृषि गतिविधियां तेज हो गई हैं और किसानों के बीच उत्साह का माहौल देखा जा रहा है.

और पढ़ें : झमाझम बारिश से खेतों में लौटी रौनक, धान रोपनी ने पकड़ी रफ्तार


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। अपने समाचार पोर्टल पर कार्य करते हुए उन्होंने समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट निर्माण में अनुभव हासिल किया। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >