किशनगंज, पहाड़कट्टा. एनएफ रेलवे के अलुवाबाड़ी रोड-सिलीगुड़ी रेलखंड पर रेल फाटक संख्या एसके/274 के आसपास पोठिया चौक पर लंबे समय से जमे अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सोमवार को रेलवे ने बड़ी कार्रवाई की. आरपीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर रेलवे की जमीन पर बनी दुकानों, टिन शेड और अस्थायी दुकानों को हटाया. कार्रवाई के दौरान रेलवे की जमीन को खाली कराया गया. रेलवे की ओर से करीब एक सप्ताह पहले पोठिया चौक के 40-50 दुकानदारों को नोटिस देकर 31 अगस्त तक अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया था.
अचानक पहुंची आरपीएफ की टीम, दुकानदारों ने खुद हटायी दुकानें
सोमवार सुबह अचानक बड़ी संख्या में आरपीएफ अधिकारी और जवान पोठिया चौक पहुंचे. स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए दुकानदारों को रेलवे की जमीन खाली करने का सख्त निर्देश दिया गया. इसके बाद दर्जनों दुकानदारों ने अपने-अपने सामान और दुकानें हटाने का काम शुरू कर दिया. पुलिस-प्रशासन की टीम सभी दुकानों के खाली होने तक मौके पर मुस्तैद रही.
रेल फाटक के आसपास अतिक्रमण से सुरक्षा और जाम की समस्या
आरपीएफ बागडोगरा के उपाधीक्षक भूपेंन चंद्र दास ने बताया कि रेल फाटक के आसपास अवैध रूप से दुकानें बनाने और कूड़ा-कचरा जमा होने से ट्रेनों की दृश्यता और रेल सुरक्षा प्रभावित हो रही थी. फाटक के बंद और खुलने के दौरान यहां वाहनों और आम लोगों की आवाजाही के कारण जाम की स्थिति भी उत्पन्न होती थी.
उन्होंने बताया कि रेलवे ठाकुरगंज के एसएसई की ओर से करीब एक सप्ताह पहले अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर स्वयं कब्जा हटाने की चेतावनी दी गयी थी. नोटिस के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाये जाने पर सोमवार को आरपीएफ की टीम पूरी तैयारी के साथ मौके पर पहुंची और अभियान चलाया.
शांतिपूर्ण तरीके से पूरा हुआ अतिक्रमण हटाओ अभियान
अतिक्रमण हटाने के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति या विरोध प्रदर्शन से निपटने के लिए बड़ी संख्या में आरपीएफ जवान और स्थानीय पुलिस बल तैनात किया गया था. प्रशासन की सख्ती को देखते हुए कई दुकानदारों ने स्वयं अपना सामान समेटना शुरू कर दिया. अभियान के दौरान स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही और कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की गयी.
दोबारा अतिक्रमण किया तो रेलवे अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई
अभियान का नेतृत्व कर रहे आरपीएफ उपाधीक्षक भूपेंन चंद्र दास ने दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि खाली करायी गयी रेलवे की जमीन पर दोबारा किसी भी तरह का अतिक्रमण या दुकान लगाने की कोशिश की गयी तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने कहा कि रेलवे सुरक्षा और यात्रियों की जान-माल की सुरक्षा को देखते हुए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
रेलवे फाटक के आसपास जगह हुई साफ, राहगीरों को राहत
अतिक्रमण हटाये जाने के बाद पोठिया चौक रेलवे फाटक के आसपास का क्षेत्र काफी हद तक साफ हो गया. इससे वाहन चालकों और राहगीरों को आवाजाही में राहत मिलने की उम्मीद है. रेलवे और स्थानीय प्रशासन की कार्रवाई के बाद अब खाली करायी गयी जमीन पर दोबारा अतिक्रमण रोकना भी चुनौती होगी.
पुलिस और आरपीएफ के अधिकारी रहे मौजूद
मौके पर पोठिया थानाध्यक्ष कैप्टन संजय पांडे, अपर थानाध्यक्ष महेश कुमार पूर्वे सहित बड़ी संख्या में स्थानीय पुलिस बल और आरपीएफ के जवान मौजूद थे.
