पौआखाली से रणविजय की रिपोर्ट.
पौआखाली. नगर के मुख्य बाजार से सटे शिव पान भंडार होकर दुर्गा मंदिर जाने वाली गली में सड़क पर मालवाहक वाहनों से माल उतारने के कारण आम लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि गोदामों में सामान पहुंचाने के दौरान वाहन बीच सड़क पर ही लंबे समय तक खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे यह महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग पूरी तरह बाधित हो जाता है.
प्रमुख बातें
- सड़क पर मालवाहक वाहन खड़े रहने से घंटों बाधित रहता है आवागमन.
- दुर्गा मंदिर जाने वाला संपर्क मार्ग अक्सर जाम की चपेट में.
- बाइक, ई-रिक्शा और पैदल राहगीरों को हो रही परेशानी.
- स्थानीय लोगों ने नगर प्रशासन से कार्रवाई की मांग उठाई.
- सड़क पर माल उतारने के लिए समय और स्थान निर्धारित करने की मांग.
माल उतारने के दौरान घंटों बंद रहता है रास्ता
स्थानीय लोगों के अनुसार मालवाहक वाहन आधे घंटे से लेकर एक घंटे तक सड़क पर खड़े रहते हैं. इस दौरान बाइक, ई-रिक्शा, पैदल राहगीरों और अन्य छोटे वाहनों का गुजरना मुश्किल हो जाता है. इसके अलावा दुर्गा मंदिर के सामने भी कई चारपहिया वाहन अव्यवस्थित ढंग से खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे आसपास के लोगों को अपने वाहन निकालने में भी परेशानी होती है.
जाम लगने पर यही बनता है वैकल्पिक मार्ग
मुहल्लेवासियों ने बताया कि मुख्य बाजार में जाम की स्थिति होने पर यही सड़क अस्पताल मोड़ तक पहुंचने का प्रमुख वैकल्पिक मार्ग है. लेकिन सड़क पर माल उतारने की वजह से यह रास्ता भी अक्सर बंद हो जाता है, जिससे आम लोगों के साथ मरीजों को भी दिक्कत झेलनी पड़ती है.
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से की कार्रवाई की मांग
नागरिकों का कहना है कि सुबह, दोपहर और शाम के व्यस्त समय में बिना किसी व्यवस्था के सड़क पर माल उतारा जाता है. कई बार शिकायत के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ है. लोगों ने नगर प्रशासन से सड़क पर माल उतारने के लिए निर्धारित समय और स्थान तय करने तथा यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है.
