ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल व ओटीपी को ले रहे सतर्क: एसपी

दो दिवसीय कार्यशाला का उद्घाटन सोमवार को कृषि महाविद्यालय, में किया गया.

किशनगंज दो दिवसीय कार्यशाला का उद्घाटन सोमवार को कृषि महाविद्यालय, में किया गया. जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों की क्षमतावर्द्धन के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया. यह कार्यशाला 30 दिसंबर तक चलेगी. कार्यशाला की शुरुआत महानंदा सभाकक्ष में आयोजित प्रथम सत्र से हुई. इस अवसर पर जिला पदाधिकारी विशाल राज ने सभी जिला स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को गुड गवर्नेंस के विषय में विस्तार से जानकारी दी गई. उन्होंने प्रशासनिक पारदर्शिता, जवाबदेही तथा नागरिक-केंद्रित शासन व्यवस्था के महत्व पर प्रकाश डाला. इसके पश्चात डीन डॉ चंद्रहास ने बताया कि किस प्रकार कार्य दबाव के दौरान तनाव को नियंत्रित किया जा सकता है तथा किन गतिविधियों एवं कार्यशैली को अपनाकर तनाव को कम किया जा सकता है. इस अवसर पर जिलाधिकारी के द्वारा भी अपने विचार व्यक्त किए गए तथा सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों से उनके-अपने अनुभव एवं मंतव्य साझा किए गए. डॉ बिनोद कुमार के द्वारा समय प्रबंधन पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई, जिसमें समय का प्रभावी प्रबंधन करते हुए कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के नियमों एवं व्यावहारिक पहलुओं पर चर्चा की गई. इसके अतिरिक्त डॉ. शिव वरण सिंह के द्वारा स्वच्छता प्रबंधन विषय पर विस्तार से जानकारी दी गई. पुलिस अधीक्षक सागर कुमार ने साइबर सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी. उन्होंने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों पर प्रकाश डालते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, लिंक एवं ओटीपी के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी से सतर्क रहने की अपील की. उन्होंने सभी पदाधिकारियों को किसी भी अनजान कॉल या संदेश पर प्रतिक्रिया न देने, व्यक्तिगत व बैंकिंग जानकारी साझा न करने तथा संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी. कार्यशाला के अंतिम चरण में देर शाम ऑडिटोरियम हॉल में एक लाइट कल्चरल प्रोग्राम का भी आयोजन किया गया, जिससे सहभागियों के बीच सकारात्मक वातावरण एवं आपसी समन्वय को बढ़ावा मिला. कार्यशाला में पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्ता, जिला परिषद के वरिष्ठ पदाधिकारी सहित आपदा प्रबंधन, लोक शिकायत निवारण, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, सहकारिता, आपूर्ति, सामाजिक सुरक्षा, योजना, मत्स्य, पशुपालन, नगर परिषद, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, विद्युत आपूर्ति, खनन सहित सभी प्रमुख विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी भाग ले रहे हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AWADHESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >