किशनगंज (ठाकुरगंज) : नाग पंचमी के पावन पर्व पर मंगलवार की शाम प्रसिद्ध हरगौरी मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला. इस अवसर पर भगवान महादेव का विशेष श्रृंगार किया गया. फूलों और मालाओं से सजे महादेव के दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी. भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और मंगल की कामना की.
नाग देवता के स्वरूप से सजा शिवलिंग
नाग पंचमी को लेकर महादेव के श्रृंगार में धार्मिक आस्था के साथ आकर्षक सजावट का भी विशेष ध्यान रखा गया था. शिवलिंग को रंग-बिरंगे पुष्पों और पुष्पमालाओं से सजाया गया, जबकि उसके ऊपर नाग देवता का स्वरूप स्थापित किया गया था. चारों ओर फूलों की सजावट और पुष्प पंखुड़ियों से सजा मंदिर परिसर श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा.
संध्या समय विशेष श्रृंगार के दर्शन के दौरान भक्तों में खासा उत्साह नजर आया. श्रद्धालु कुछ देर मंदिर में ठहरकर महादेव के दिव्य स्वरूप को निहारते और पूजा-अर्चना करते दिखे.
हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा मंदिर
नाग पंचमी पर श्रद्धालुओं ने नाग देवता को नमन करते हुए भगवान शिव की आराधना की. भक्तों ने जलाभिषेक कर भगवान शिव से परिवार के सुख-शांति और समृद्धि की कामना की. इस दौरान हर-हर महादेव के जयघोष से मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा.
सावन के महीने में नाग पंचमी का पर्व भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष माना जाता है. धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन भगवान शिव और नाग देवता की पूजा करने से भय और संकट दूर होते हैं तथा परिवार में सुख-शांति बनी रहती है. इसी आस्था के साथ श्रद्धालु हरगौरी मंदिर पहुंचे और महादेव के विशेष श्रृंगार के दर्शन किये.
