सिंदूर खेला व गाजे-बाजे के साथ निकली विसर्जन यात्रा, भक्तिमय हुआ वातावरण
किशनगंज. आस्था व शक्ति की उपासना का चैत्र नवरात्र शनिवार को प्रतिमा विसर्जन के साथ संपन्न हो गया. किशनगंज के विभिन्न पूजा पंडालों और मंदिरों में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं को श्रद्धालुओं ने गाजे-बाजे के साथ विसर्जित किया. दशमी तिथि पर भक्तों ने भारी मन और नम आंखों से मां को विदाई दी. विसर्जन से पूर्व सुबह से ही पूजा पंडालों में महिला श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए महिलाओं ने मां दुर्गा का खोइछा भरा.सुहागिन महिलाओं ने मां से अपने परिवार की सुख-शांति व अखंड सौभाग्य की कामना की. विसर्जन यात्रा निकलने से पहले पंडालों में सिंदूर खेला का आयोजन हुआ. महिला श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगायी. पूरा वातावरण मां दुर्गा की जय व अगले बरस तू जल्दी आ के जयकारों से गुंजायमान रहा. शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए मां की विसर्जन यात्रा निकाली गयी, जिसमें युवा और बुजुर्ग सभी झूमते-गाते नजर आये. विसर्जन के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. विसर्जन के साथ ही नौ दिनों से चल रहे इस आध्यात्मिक उत्सव का समापन हो गया व भक्तों ने मां से अगले वर्ष पुनः आगमन की प्रार्थना की.
