Mid Day Meal Irregularity: ठाकुरगंज (किशनगंज). बच्चों के पोषण के लिए संचालित मध्यान्ह भोजन योजना को लेकर प्राथमिक विद्यालय लोधीबाड़ी में अभिभावकों ने गंभीर सवाल उठाए हैं. महिलाओं ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) अवधेश शर्मा को लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया है कि विद्यालय में निर्धारित मेन्यू का पालन नहीं किया जा रहा है और बच्चों को शुक्रवार के दिन अंडे की जगह केवल केला दिया जा रहा है.
तीन माह से अंडे की जगह दिया जा रहा केला
शिकायत के अनुसार, प्राथमिक विद्यालय लोधीबाड़ी के बच्चों को पिछले लगभग तीन महीनों से शुक्रवार को अंडा नहीं दिया जा रहा है. अभिभावकों का कहना है कि इसी परिसर में संचालित प्राथमिक विद्यालय सागढ़ाला के बच्चों को नियमित रूप से अंडा मिलता है, जबकि लोधीबाड़ी के बच्चों को इससे वंचित रखा जा रहा है.
छात्रों और रसोइया ने भी की पुष्टि
Mid Day Meal Irregularity: विद्यालय के कई छात्रों ने भी बताया कि उन्हें कई महीनों से शुक्रवार को अंडे के बजाय केवल केला दिया जाता है. कक्षा पांच के दबंग पासवान, राजीव कुमार, सुंदरम और सत्यम कुमार, कक्षा चार की मीरा कुमारी, कक्षा तीन की आराध्या, अनीशा हेंब्रम, शिवजी और अंजली कुमारी तथा कक्षा एक के विष्णु कुमार ने अंडा नहीं मिलने की बात कही. विद्यालय की रसोइया ममता झा ने भी बताया कि बच्चों के लिए अंडा नहीं बनाया जाता है.
शिकायत करने पर डांटने का आरोप
अभिभावकों का आरोप है कि जब उन्होंने इस संबंध में प्रधानाध्यापिका मुन्नी कुमारी से शिकायत की तो उन्हें डांट-फटकार कर विद्यालय परिसर से भगा दिया गया. इसके बाद उन्होंने बीईओ कार्यालय में लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की.
पहले भी मिल चुकी थी शिकायत
मध्यान्ह भोजन प्रभारी पंचम यादव ने बताया कि करीब डेढ़ माह पहले भी विद्यालय की जांच के दौरान निर्धारित मेन्यू के अनुसार अंडा नहीं दिए जाने की शिकायत मिली थी. उस समय प्रधानाध्यापिका को विभागीय दिशा-निर्देशों का पालन करने की हिदायत दी गई थी. बावजूद इसके दोबारा शिकायत सामने आई है.
प्रधानाध्यापिका ने बताई आर्थिक समस्या
प्रधानाध्यापिका मुन्नी कुमारी ने कहा कि विभाग की ओर से प्रति अंडा केवल पांच रुपये की राशि मिलती है, जबकि बाजार में इसकी कीमत करीब नौ रुपये है. उन्होंने बताया कि अप्रैल 2026 से विद्यालय को मध्यान्ह भोजन मद की राशि प्राप्त नहीं हुई है. वित्तीय संकट के कारण निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराने में कठिनाई हो रही है.
बीईओ बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अवधेश शर्मा ने बताया कि विद्यालय के विरुद्ध लिखित शिकायत प्राप्त हुई है. मामले की जांच कराई जाएगी. यदि जांच में आरोप सही पाए गए तो संबंधित प्रधानाध्यापिका के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जायेगी.
