श्रद्धा व उल्लास के साथ मनी भगवान महावीर की 2625वीं जयंती
श्रद्धा व उल्लास के साथ मनी भगवान महावीर की 2625वीं जयंती
By AWADHESH KUMAR | Updated at :
भव्य शोभायात्रा से गूंजा शहर, ”जियो और जीने दो” के संदेश के साथ उमड़ा जनसैलाब
ठाकुरगंज. त्रिशला नंदन वीर की, जय बोलो महावीर की, अहिंसा परमो धर्म, जियो और जीने दो व महावीर स्वामी भगवान की, जय जय जय के गगनभेदी जयघोष से सोमवार को पूरा ठाकुरगंज भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो उठा. जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर की 2625वीं जयंती श्रद्धा, भक्ति व उत्साह के साथ हर्षोल्लास से मनायी गयी.
धर्म, भक्ति व एकता का संगम
जयंती के अवसर पर निकली भव्य शोभायात्रा में जैन समाज के साथ-साथ अन्य समुदायों के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया. यह आयोजन सामाजिक समरसता व भाईचारे की अनूठी मिसाल बनकर सामने आया. दिगंबर जैन मंदिर में प्रातःकाल से ही धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हो गयी. चंदन पूजा, महावीर जन्म कल्याणक पूजा व आरती श्रद्धापूर्वक संपन्न हुई. भगवान को भोग अर्पित करने के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया.
शहरभर में निकली भव्य शोभायात्रा
सुबह करीब नौ बजे मंदिर परिसर से शोभायात्रा निकली, जो हॉस्पिटल मोड़, मुख्य बाजार, महावीर स्थान, नेहरू रोड, दुर्गा मंदिर व जगन्नाथ मंदिर होते हुए पुनः मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई. यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह, भक्ति व अनुशासन देखते ही बन रहा था. इस अवसर पर मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल, पूर्व मुख्य पार्षद देवकी अग्रवाल, प्रमोद राज चौधरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे. साथ ही राजेश करनानी, अनिल महाराज, दिलीप जैन, नरेश जैन, मनोज जैन, संतोष जैन, पवन जैन, आनंद जैन, मनीष जैन, सर्वेश जैन, कैलाश जैन, गणेश अग्रवाल, बनवारी अग्रवाल, नागराज नखत, बिमल अग्रवाल, चंदू माहेश्वरी समेत बड़ी संख्या में महिलाएं व श्रद्धालु शामिल हुए.