लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन व गश्त बढ़ाने के निर्देश
लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन व गश्त बढ़ाने के निर्देश
By AWADHESH KUMAR | Updated at :
अपराध नियंत्रण व शराब तस्करी पर नकेल कसने की रणनीति, पुलिस-पब्लिक विश्वास बहाली पर जोर
किशनगंज. टेढ़ागाछ थाना परिसर में सोमवार को कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया. बैठक की अध्यक्षता इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष मो इजहार आलम ने की, जिसमें थाना क्षेत्र के सभी पुलिस पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे. बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना, आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण स्थापित करना तथा लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाना रहा.
क्राइम कंट्रोल व गश्त पर सख्त निर्देश
थानाध्यक्ष मो इजहार आलम ने पुलिस कर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने हेतु आवश्यक निर्देश दिये. क्षेत्र में रात्रि गश्त को व प्रभावी बनाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने को कहा गया. अवैध शराब की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में चौकसी बढ़ाने व सघन अभियान चलाने का निर्देश दिया गया. वर्षों से लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर दिया, ताकि आम जनता का पुलिस प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो सके.
संवेदनशीलता व स्वच्छता पर चर्चा
थानाध्यक्ष ने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि जनता के बीच विश्वास कायम करना भी है. सभी पदाधिकारियों को संवेदनशीलता व तत्परता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की सलाह दी गयी. बैठक में थाना परिसर की स्वच्छता पर भी विशेष चर्चा की गयी. थानाध्यक्ष के अनुसार, एक स्वच्छ वातावरण कार्यक्षमता को बढ़ाता है. सकारात्मक कार्य संस्कृति विकसित करता है. इस समीक्षा बैठक में सहायक थानाध्यक्ष रितेश कुमार, सब इंस्पेक्टर विकास कुमार, मनीषा कुमारी, सरोज कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे. सभी ने अपने-अपने दायित्वों का ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करने तथा थाना क्षेत्र में शांति व सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने का संकल्प लिया. बैठक के अंत में थानाध्यक्ष ने सभी कर्मियों को टीम भावना के साथ कार्य करने व जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.