हाटगांव के युवक की अनियंत्रित बाइक से हुआ हादसा, शर्मा टोली की दो बहनें लहूलुहान
किशनगंज. टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र के हाटगांव निवासी साबिर आलम द्वारा तेज रफ्तार बाइक चलाने के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार साबिर आलम अपने घर से बाइक लेकर टेढ़ागाछ आ रहा था. इसी क्रम में शर्मा टोली के पास उसकी बाइक अनियंत्रित हो गयी और सड़क किनारे मौजूद दो युवतियों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गयीं.घटना के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवतियों व बाइक सवार को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, टेढ़ागाछ पहुंचाया गया, जहां सभी का प्राथमिक उपचार किया गया. घायलों की पहचान आशा कुमारी (पिता- जगन शर्मा), निवासी शर्मा टोली व रूपा कुमारी (पिता- जगन शर्मा), निवासी शर्मा टोली के रूप में की गयी है.
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ प्रमोद कुमार ने बताया कि दोनों युवतियों के सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आयी हैं. प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है. विशेष रूप से सिर में गहरी चोट लगने के कारण तत्काल उन्नत चिकित्सा सुविधा की आवश्यकता बतायी गयी.इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश देखा गया. ग्रामीणों ने सड़क पर तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर नकेल कसने की मांग की है. यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की अनिवार्यता को उजागर करता है. प्रशासन से मांग की गयी है कि तेज रफ्तार बाइक चलाने वालों के विरुद्ध सख्ती बरती जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.
