पलायन रोकने व मजदूरों के शोषण के विरुद्ध बनायी रणनीति

पलायन रोकने व मजदूरों के शोषण के विरुद्ध बनायी रणनीति

जलवायु परिवर्तन व सुरक्षित प्रवासन पर कार्यशाला, श्रमिकों की गरिमा व अधिकारों पर जोर

किशनगंज. जिले में जलवायु परिवर्तन, श्रमिकों के प्रवासन व उनकी गरिमापूर्ण संस्थागत व्यवस्था के सशक्तीकरण पर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया. जीपीएसवीएस द्वारा संचालित एमआरसी कार्यक्रम के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि श्रम अधीक्षक राम विलास राम ने दीप प्रज्वलित कर किया. इस दौरान परियोजना निदेशक सह कार्यकारी अधिकारी रमेश कुमार सिंह, बुनियाद केंद्र के डॉ आलोक कुमार व डीएलएसए के राजीव कुमार सहित कई अधिकारी उपस्थित थे.

जलवायु परिवर्तन व प्रवासन: एक बड़ी चुनौती

कार्यशाला में जलवायु परिवर्तन व सुरक्षित प्रवासन जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से चर्चा की गयी. परियोजना निदेशक रमेश कुमार सिंह ने बताया कि प्राकृतिक आपदाओं व खेती में भारी नुकसान के कारण लोग पलायन करने को मजबूर होते हैं. उन्होंने जोर दिया कि श्रमिकों की गरिमा व ”सुरक्षित प्रवासन” सुनिश्चित करना अनिवार्य है, ताकि मजदूरों को उनके अधिकार मिल सकें. किसी भी स्तर पर उनका शोषण न हो.

संस्थागत व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर बल

कार्यशाला में प्रवासियों के लिए सुरक्षित, व्यवस्थित व मानवीय प्रवासन सुनिश्चित करने हेतु रणनीतियों पर चर्चा की गयी. श्रमिकों की मदद के लिए विशेष सहायता केंद्र स्थापित करने पर बल दिया गया. श्रमिकों को उनके अधिकारों, सम्मानजनक रोजगार और शोषण से बचाव के प्रति जागरूक करने की योजना बनायी गयी. आरसीएफ मो आजाद ने सुरक्षित प्रवासन व कार्यस्थल पर गरिमामयी परिस्थितियों की आवश्यकता पर प्रकाश डाला. कार्यक्रम का समापन महेश पंडित द्वारा उपस्थित सभी पदाधिकारियों व जिले के सभी प्रखंडों से आए जनप्रतिनिधियों को धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया. वक्ताओं ने एकजुट होकर श्रमिकों के हितों की रक्षा करने का संकल्प लिया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >