ठाकुरगंज : रोजी-रोटी के लिए मजदूरी करने निकले मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करने वाली तस्वीर सामने आयी है. सड़क पर एक मालवाहक वाहन पर ढलाई मशीन लदी थी और उसी मशीन के ऊपर कई मजदूर बैठे हुए थे. बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के इस तरह सफर करना हादसे को न्योता देने जैसा है.
मशीन पर बैठे मजदूरों के लिए न तो सुरक्षित बैठने की व्यवस्था थी और न ही गिरने से बचाव का कोई इंतजाम. वाहन के अचानक ब्रेक लगाने, सड़क के गड्ढे में जाने या तेज मोड़ पर असंतुलित होने की स्थिति में मजदूर सीधे सड़क पर गिर सकते हैं. ऐसे में गंभीर हादसा होने की आशंका बनी रहती है.
रोटी के लिए जोखिम में जिंदगी
निर्माण कार्य में मजदूरी करने वाले इन लोगों के लिए रोजी-रोटी जरूरी है, लेकिन काम तक पहुंचने का यह तरीका उनकी जान पर भारी पड़ सकता है. जिस ढलाई मशीन का इस्तेमाल निर्माण कार्य में होना है, उसी के ऊपर मजदूरों को बैठाकर सड़क पर ले जाया जा रहा था.
स्थानीय लोगों का कहना है कि मालवाहक वाहनों पर मजदूरों को इस तरह बैठाकर ले जाने की प्रवृत्ति पर रोक लगनी चाहिए. वाहन के अचानक रुकने या किसी दूसरे वाहन से टक्कर की स्थिति में मशीन पर बैठे लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिलेगा.
बड़े हादसे से पहले कार्रवाई की मांग
तस्वीर सामने आने के बाद यातायात व्यवस्था और मजदूरों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं. लोगों का कहना है कि जिम्मेदार विभाग को ऐसे वाहनों की जांच करनी चाहिए और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करनी चाहिए.
स्थानीय लोगों ने कहा कि किसी बड़े हादसे के बाद कार्रवाई करने के बजाय पहले ही ऐसे जोखिम भरे सफर पर रोक लगाना जरूरी है. मजदूरों की जिंदगी की कीमत किसी भी काम या जल्दबाजी से कहीं अधिक है.
