किशनगंज में अगले 24 घंटे बारिश का रेड अलर्ट, कई प्रखंडों में फ्लैश फ्लड का खतरा

किशनगंज जिले के विभिन्न प्रखंडों के लिए मौसम आधारित चेतावनी जारी की गई है. अगले 24 घंटे संवेदनशील रहने की आशंका है, जिसमें हल्की बारिश, गरज-चमक के साथ तेज वर्षा और फ्लैश फ्लड का खतरा शामिल है. महानंदा और कनकई नदी के किनारे रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है.

किशनगंज : लगातार हो रही बारिश के बीच किशनगंज जिले के विभिन्न प्रखंडों के लिए मौसम आधारित चेतावनी जारी की गई है. मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटे जिले के लिए संवेदनशील रह सकते हैं. कहीं हल्की बारिश, कहीं गरज-चमक के साथ तेज वर्षा तो कहीं फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) की आशंका जताई गई है. महानंदा और कनकई नदी के किनारे रहने वाले लोगों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

ठाकुरगंज में महानंदा नदी किनारे सतर्क रहने की सलाह

ठाकुरगंज में सोमवार सुबह 28 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. दिनभर रुक-रुक कर हल्की बारिश और दोपहर के समय गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है. मौसम विभाग ने महानंदा नदी के जलग्रहण क्षेत्र को देखते हुए नदी किनारे रहने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से नदी के पास नहीं जाने की अपील की है.

पोठिया में जलभराव का खतरा

पोठिया प्रखंड में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है. लगातार बारिश होने पर निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है. किसानों और नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

बहादुरगंज और दिघलबैंक में कनकई नदी पर नजर

बहादुरगंज में कनकई नदी को लेकर विशेष अलर्ट जारी किया गया है. मंगलवार तक जलस्तर में बदलाव की संभावना जताई गई है. वहीं नेपाल सीमा से सटे दिघलबैंक में भी बारिश जारी रहने की संभावना है. प्रशासन ने नदी किनारे बसे गांवों के लोगों से सतर्क रहने और बच्चों को नदी के आसपास नहीं जाने देने की अपील की है.

टेढ़ागाछ में सामान्य स्थिति, लेकिन मौसम रहेगा सक्रिय

टेढ़ागाछ प्रखंड में फिलहाल किसी विशेष बाढ़ चेतावनी की सूचना नहीं है. हालांकि दिनभर बादल छाए रहने और बीच-बीच में हल्की बारिश होने की संभावना बनी रहेगी. किसानों को मौसम की जानकारी लेते हुए खेतों में कार्य करने की सलाह दी गई है.

कोचाधामन और किशनगंज शहर में फ्लैश फ्लड का जोखिम

कोचाधामन प्रखंड के लिए फ्लैश फ्लड का सबसे गंभीर अलर्ट जारी किया गया है. भारी बारिश होने पर छोटी नदियों, नालों और निचले क्षेत्रों में अचानक जलभराव हो सकता है. वहीं जिला मुख्यालय किशनगंज में भी लगातार बारिश की स्थिति में प्रमुख सड़कों और निचले इलाकों में जलभराव की आशंका जताई गई है.

प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के पास नहीं जाने, बच्चों को जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखने, बिजली कड़कने के दौरान खुले स्थानों में नहीं रहने तथा मौसम विभाग और जिला प्रशासन की आधिकारिक सूचनाओं का पालन करने की अपील की है. यदि बारिश का दौर तेज होता है तो महानंदा और कनकई नदी के जलस्तर में तेजी से बदलाव संभव है.

और पढ़ें : अब नहीं डगमगाएगा लंबी दूरी का सफर... NFR की सभी एक्सप्रेस ट्रेनें हुईं LHB कोच से लैस


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

गौरव कुमार प्रिंट माध्यम में 20 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >