Kishanganj News: किशनगंज के समग्र विकास, युवाओं की शिक्षा और सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को दो अलग-अलग पत्र भेजकर महत्वपूर्ण जनहितकारी मांगें उठाई हैं. इनमें किशनगंज नगर परिषद क्षेत्र में स्थायी सार्वजनिक मैदान विकसित करने और लोकसभा क्षेत्र के सभी प्रखंडों में आधुनिक सार्वजनिक पुस्तकालय स्थापित करने का प्रस्ताव शामिल है.
10 एकड़ में सार्वजनिक मैदान बनाने की मांग
मुख्यमंत्री को भेजे गए पहले पत्र में सांसद ने किशनगंज नगर परिषद क्षेत्र में करीब 10 एकड़ सरकारी भूमि उपलब्ध कराकर स्थायी सार्वजनिक मैदान विकसित करने की मांग की है.
उन्होंने कहा कि रुईधासा स्थित कैंपिंग ग्राउंड, जहां वर्षों तक धार्मिक, सांस्कृतिक, सामाजिक, शैक्षणिक कार्यक्रम, खेल प्रतियोगिताएं और जनसभाएं आयोजित होती थीं, अब सेना के नियंत्रण में है. इसके कारण शहर में बड़े आयोजनों के लिए पर्याप्त सार्वजनिक मैदान का अभाव हो गया है. ऐसे में वर्तमान और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए नए सार्वजनिक मैदान का निर्माण जरूरी है.
हर प्रखंड में आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी का प्रस्ताव
दूसरे पत्र में सांसद ने किशनगंज लोकसभा क्षेत्र के सभी प्रखंडों के साथ-साथ पूर्णिया जिले के बायसी, डगरूआ, बैसा और अमौर में चरणबद्ध तरीके से आधुनिक सार्वजनिक पुस्तकालय स्थापित करने की मांग की है.
उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थी, शोधार्थी और युवा गुणवत्तापूर्ण अध्ययन संसाधनों की कमी से जूझ रहे हैं. आधुनिक लाइब्रेरी बनने से हजारों छात्रों को पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिलेगी.
डिजिटल सुविधा और बहुभाषी पुस्तकें उपलब्ध कराने का सुझाव
Kishanganj News: सांसद ने प्रस्तावित पुस्तकालयों में डिजिटल लाइब्रेरी, निःशुल्क वाई-फाई, कंप्यूटर सुविधा, आधुनिक अध्ययन कक्ष, दिव्यांगजन अनुकूल व्यवस्था तथा हिंदी, उर्दू, अंग्रेजी और स्थानीय भाषाओं की समृद्ध पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का आग्रह किया है.
उन्होंने इस संबंध में शिक्षा मंत्री को भी पत्र की प्रति भेजी है और उम्मीद जताई है कि राज्य सरकार दोनों प्रस्तावों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर किशनगंज और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों को बड़ी सौगात देगी.
इसे भी पढ़ें: सुपौल-दरभंगा NH कॉरिडोर को मिली मंजूरी, मिथिलांचल और सीमांचल के बीच बनेगा नया हाईवे, इन जिलों को होगा फायदा
इसे भी पढ़ें: 3936 करोड़ की लागत से खगड़िया-पूर्णिया हाईवे बनेगा फोरलेन, सिर्फ 2 घंटे में पूरा होगा सफर
