किशनगंज. जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग की ओर से जिले भर में चलाए जा रहे नशा मुक्ति और साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत सोमवार को माता गुजरी यूनिवर्सिटी के सभागार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और माता गुजरी यूनिवर्सिटी के नर्सिंग संकाय के विद्यार्थियों ने भाग लिया.
डीएम, एसपी और रजिस्ट्रार ने दीप प्रज्वलित कर किया उद्घाटन
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जिला पदाधिकारी नवीन कुमार, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार और माता गुजरी यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ. इच्छित भारत ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. इसके बाद यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ. इच्छित भारत और रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव मिक्की साहा ने मंचासीन अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया.
विकसित भारत के संकल्प में युवाओं की भूमिका अहम : डीएम
जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि देश के युवाओं के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी है. वर्ष 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी. उन्होंने कहा कि यदि देश की युवा शक्ति नशे की गिरफ्त में आ जाएगी तो देश की प्रगति प्रभावित होगी. इसलिए युवाओं को नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, कौशल, समाज और देश के विकास में लगानी चाहिए.
मजबूत भारत के लिए स्वस्थ और जागरूक युवा जरूरी : एसपी
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा कि एक सशक्त और मजबूत भारत के निर्माण के लिए स्वस्थ, जागरूक और मजबूत युवा वर्ग का होना अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील की. साथ ही बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए डिजिटल माध्यमों का सावधानीपूर्वक उपयोग करने और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने पर जोर दिया.
साइबर अपराधों से सावधान रहने की अपील
कार्यक्रम में युवाओं को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों और डिजिटल सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया गया. लोगों से अपील की गयी कि वे किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या डिजिटल गतिविधि के प्रति सतर्क रहें और अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करें.
नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी
माता गुजरी यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ. इच्छित भारत ने युवाओं को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी. उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने परिवार, दोस्तों और आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की. उन्होंने कहा कि युवा वर्ग की जागरूकता और भागीदारी से ही नशा मुक्त समाज का निर्माण संभव है.
इसे भी पढ़ें: सितंबर में नहीं थमेगी मानसून की रफ्तार, अगले 72 घंटे के दौरान इन जिलों में होगी भयंकर बारिश
