किशनगंज के अध्यात्म मेले में दिखी सनातन संस्कृति की झलक, धार्मिक पुस्तकों और झांकियों ने मोहा मन

Kishanganj News: किशनगंज में माहेश्वरी महिला मंडल द्वारा आयोजित अध्यात्म मेला सनातन धर्म और संस्कृति को बढ़ावा देने का एक अनूठा मंच बना. इस मेले ने लोगों को धार्मिक पुस्तकों, देवी-देवताओं की झांकियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से आध्यात्मिकता से जुड़ने का अवसर प्रदान किया.

Kishanganj News: किशनगंज माहेश्वरी महिला मंडल की ओर से शहर के लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर में आयोजित अध्यात्म मेला श्रद्धालुओं और शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा. मेले में सनातन धर्म, भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न धार्मिक स्टॉल, झांकियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए. बड़ी संख्या में लोगों ने मेले में पहुंचकर धार्मिक पुस्तकों की खरीदारी की और परिवार के साथ आध्यात्मिक माहौल का आनंद लिया.

धार्मिक वातावरण के बीच हुआ मेले का शुभारंभ

अध्यात्म मेले का उद्घाटन माहेश्वरी समाज के संरक्षक रघुनंदन मंत्री, समाज के अध्यक्ष मुरारी मंत्री, संतोष सोमानी, माहेश्वरी महिला मंडल की अध्यक्ष मधु मुंधरा, सचिव सुचिता मुंधरा और कोषाध्यक्ष रूबी झंवर ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया.

उद्घाटन के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने मेले का भ्रमण किया.

धार्मिक पुस्तकों और झांकियों ने खींचा लोगों का ध्यान

मेले में लगाए गए प्रत्येक स्टॉल का नाम किसी प्रसिद्ध धार्मिक स्थल के नाम पर रखा गया था. सबसे अधिक आकर्षण गीता प्रेस गोरखपुर की धार्मिक पुस्तकों और हिंदू देवी-देवताओं की मनमोहक झांकियों का रहा.

श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में धार्मिक पुस्तकों की खरीदारी की. इसके अलावा लड्डू गोपाल की पोशाक, पूजन सामग्री और धार्मिक उपयोग की वस्तुओं के स्टॉल पर भी लोगों की अच्छी भीड़ रही.

नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने की पहल

माहेश्वरी महिला मंडल की अध्यक्ष मधु मुंधरा ने कहा कि अध्यात्म मेले का मुख्य उद्देश्य लोगों, विशेषकर युवाओं और बच्चों को सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति से जोड़ना है.

उन्होंने कहा कि यदि किसी घर में गीता प्रेस की एक भी धार्मिक पुस्तक पहुंचती है, तो उसका सकारात्मक प्रभाव पूरे परिवार पर पड़ता है और घर में आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण होता है.

Kishanganj News: बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम बने आकर्षण

मेले के दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया. धार्मिक झांकियों में भाग लेने वाले बच्चों को आध्यात्मिक पुस्तकें भेंट कर सम्मानित भी किया गया.

कार्यक्रम में पहुंचे लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सांस्कृतिक और आध्यात्मिक जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.

ALSO READ: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया 551 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूलों का उद्घाटन, जिले के 17 विद्यालयों को मिली नयी पहचान


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

गौरव कुमार प्रिंट माध्यम में 20 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >