सुरक्षित मातृत्व के लिए संस्थागत प्रसव जरूरी : सिविल सर्जन

सुरक्षित मातृत्व के लिए संस्थागत प्रसव जरूरी : सिविल सर्जन

नियमित प्रसव पूर्व जांच व अस्पताल में प्रसव कराने की अपील

किशनगंज. मातृत्व किसी भी महिला के जीवन का सबसे संवेदनशील व महत्वपूर्ण चरण होता है. इस दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी मां और नवजात शिशु के जीवन के लिए जोखिम पैदा कर सकती है. स्वास्थ्य विशेषज्ञ गर्भावस्था के दौरान नियमित प्रसव पूर्व जांच और सुरक्षित प्रसव के लिए स्वास्थ्य संस्थानों को प्राथमिकता देने की सलाह देते हैं. सिविल सर्जन डॉ राज कुमार चौधरी ने बताया कि संस्थागत प्रसव मां व शिशु दोनों के लिए सबसे सुरक्षित विकल्प है. अस्पतालों में प्रशिक्षित डॉक्टर, नर्स और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहती हैं, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत उपचार किया जा सकता है. जिले के सदर अस्पताल, सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में सुरक्षित प्रसव की समुचित व्यवस्था की गयी है. उन्होंने बताया कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने के लिए सरकार द्वारा जननी सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना व जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं. इन योजनाओं के तहत गर्भवती महिलाओं को प्रसव पूर्व जांच, अस्पताल में प्रसव और नवजात की देखभाल से जुड़ी कई सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध करायी जाती हैं. सदर अस्पताल की महिला चिकित्सा पदाधिकारी डॉ शबनम यास्मीन ने कहा कि गर्भावस्था के दौरान नियमित प्रसव पूर्व जांच से मां व शिशु के स्वास्थ्य की सही जानकारी मिलती है. इससे संभावित जटिलताओं की समय रहते पहचान हो जाती है. जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ मुनजिम ने बताया कि आशा व एएनएम कार्यकर्ताओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. सिविल सर्जन ने गर्भवती महिलाओं व उनके परिजनों से अपील की कि वे नियमित जांच कराएं व सुरक्षित प्रसव के लिए स्वास्थ्य संस्थानों को प्राथमिकता दें.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >