किशनगंज पुलिस की सफलता : 4.70 करोड़ की स्मैक बरामद, दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

Heroin Seized Kishanganj: किशनगंज पुलिस ने कोचाधामन थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.357 किलोग्राम स्मैक/हेरोइन बरामद की है. मामले में दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार किए गए हैं. बरामद मादक पदार्थ की कीमत करीब 4.70 करोड़ रुपये आंकी गई है.

किशनगंज से गौरव कुमार की रिपोर्ट:

Heroin Seized Kishanganj: जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत किशनगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने 2.357 किलोग्राम स्मैक/हेरोइन जैसा अवैध मादक पदार्थ बरामद करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है. बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 4 करोड़ 70 लाख रुपये आंकी गई है.

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि गुप्त एवं तकनीकी सूचना मिली थी कि मादक पदार्थों की एक बड़ी खेप चारपहिया वाहन से कोचाधामन थाना क्षेत्र होकर गुजरने वाली है. सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 खुसरू सिराज के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया.

वाहन जांच के दौरान पकड़ी गई खेप

विशेष टीम द्वारा कोचाधामन थाना क्षेत्र के रहमतपाड़ा के समीप वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान मस्तान चौक की ओर से आ रही एक कार पुलिस को देखकर अचानक वापस मुड़कर भागने लगी.

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया. इसके बाद मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में वाहन की तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान कार के बोनट के अंदर विशेष रूप से बनाए गए गुप्त बॉक्स से 2.357 किलोग्राम स्मैक/हेरोइन जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया.

दो तस्कर गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मधेपुरा जिले के निवासी 26 वर्षीय रजनीश कुमार और 19 वर्षीय सुशांत कुमार के रूप में हुई है. दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया.

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे एक संगठित अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह के लिए काम करते हैं. गिरोह में बिहार के मधेपुरा और पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कई सदस्य शामिल हैं.

मालदा से मधेपुरा ले जाई जा रही थी खेप

पुलिस के अनुसार बरामद मादक पदार्थ की खेप पश्चिम बंगाल के मालदा से मधेपुरा ले जाई जा रही थी. गिरफ्तार तस्करों से मिली जानकारी के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है.

पुलिस ने बताया कि पश्चिम बंगाल और बिहार के विभिन्न स्थानों पर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. साथ ही तस्करी नेटवर्क और आपूर्ति श्रृंखला की तकनीकी जांच भी जारी है.

कार और मोबाइल फोन भी जब्त

इस मामले में कोचाधामन थाना कांड संख्या 343/26 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक किआ सोनेट कार (बीआर02बीएस0143) तथा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं.

सूचना देने की अपील

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. उन्होंने आम लोगों से मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी किसी भी सूचना को एएनटीएफ हेल्पलाइन नंबर 9031816150 पर साझा करने की अपील की.

उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और प्राप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी.

और पढ़ें: ठाकुरगंज में लंपी का कहर, दो दर्जन से अधिक मवेशियों की मौत

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shruti Kumari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >