Kishanganj News: किशनगंज. टेढ़ागाछ प्रखंड की भोरहा पंचायत स्थित फुलवरिया बाजार में बारिश के बाद मुख्य सड़क पर जलजमाव से लोगों की परेशानी बढ़ गई है. सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाने से पैदल चलने वाले लोगों, दोपहिया वाहन चालकों और दुकानदारों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है.
जलजमाव से दुर्घटना का बढ़ा खतरा
फुलवरिया कॉलेज चौक से फुलवरिया बाजार तक जाने वाली सड़क पर जगह-जगह पानी जमा हो गया है. गहरे गड्ढे पानी में छिप जाने से राहगीरों और बाइक चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है. लोगों का कहना है कि बरसात के दिनों में यह समस्या और गंभीर हो जाती है.
दुकानदारों के व्यापार पर पड़ रहा असर
स्थानीय दुकानदार बजरंग पैकरा, प्रमोद कुमार, विजय कुमार साह, अविनाश कुमार, शिवम पाठक तथा वार्ड सदस्य गोविंद तिवारी ने बताया कि वर्षों से बाजार में पक्की सड़क और नाला निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई. उनका कहना है कि जलजमाव के कारण ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित होती है, जिससे व्यापार पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है.
नेपाल से भी आते हैं ग्राहक
ग्रामीणों ने बताया कि फुलवरिया बाजार सीमावर्ती क्षेत्र का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है, जहां पड़ोसी देश नेपाल से भी बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए आते हैं. सबसे अधिक राजस्व देने वाले इस बाजार में आज भी सड़क और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है.
स्थायी समाधान की उठी मांग
Kishanganj News: स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने प्रशासन से शीघ्र नाला निर्माण, सड़क के पुनर्निर्माण और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बरसात के मौसम में लोगों की परेशानियां और बढ़ेंगी.
